टीम इंडिया से ज्यादा तो KKR श्रेयस अय्यर की चोट से परेशान होगी: आकाश चोपड़ा
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा भारतीय टीम के बेहतरीन बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर काफी चिंतित है।
अद्यतन - मार्च 13, 2023 4:34 अपराह्न

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा भारतीय टीम के बेहतरीन बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर काफी चिंतित है। बता दें, पीठ की चोट की वजह से श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा चुकी वनडे सीरीज में भाग नहीं ले पाए थे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए पहले टेस्ट में भी वो नहीं खेल पाए थे।
दूसरे और तीसरे टेस्ट में वो रिकवर तो हो गए लेकिन चौथे टेस्ट के दौरान इस चोट ने उन्हें फिर से तकलीफ देना शुरू कर दिया। श्रेयस अय्यर चौथे टेस्ट में बल्लेबाजी नहीं कर पाए और क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक उनके स्कैन इतने अच्छे नहीं दिख रहे हैं।
आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में वीडियो साझा की है जिसमें उन्होंने कहा है कि, ‘श्रेयस अय्यर की पीठ की चोट काफी बड़ी दिख रही है। भारतीय टीम तो इसको झेल लेगी लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उनकी चोट से काफी परेशानी होगी। ऐसा इसलिए भी क्योंकि उनके पास श्रेयस का विकल्प मौजूद नहीं है। यही नहीं कोलकाता टीम के लिए भी चीजें सही नहीं चल रही है।’
केएस भरत भारतीय टीम की ओर से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने केएस भरत को लेकर भी अपना पक्ष रखा। उनके मुताबिक भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज को इतनी जल्दी ड्रॉप कर देना अच्छी बात नहीं होगी और उन्हें सबका साथ भी चाहिए। भरत ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाए हैं।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ‘कुछ लोग केएस भरत की कम ही मुकाबलों में जमकर आलोचना कर रहे हैं। क्या आपने वो दो छक्के देखें जो उन्होंने कैमरून ग्रीन को जड़े थे? उनकी बल्लेबाजी सच में काफी अच्छी है और इतनी जल्दी किसी के लिए भी बोलना सही बात नहीं होगी।’
बता दें, केएस भरत ने अहमदाबाद टेस्ट में काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी और उसी की वजह से भारत ने इस मैच को ड्रॉ में समाप्त किया।