AUS vs IND: आखिरकार खत्म हुआ 20 साल का इंतजार, यशस्वी-राहुल की जोड़ी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को किया अपने नाम
केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल टीम इंडिया की पहली ओपनिंग जोड़ी बन गई है, जिन्होंने पिछले 20 सालों में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में 100 रनों की साझेदारी की।
अद्यतन - Nov 23, 2024 6:21 pm

इस समय ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच पहला टेस्ट मुकाबला पर्थ में खेला जा रहा है। खेल के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही और 104 रनों पर ऑलआउट हो गई। जवाब में टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में काफी अच्छी शुरुआत की है।
सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर ली है। यही नहीं इन दोनों खिलाड़ियों ने इस शानदार साझेदारी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। बता दें कि, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल टीम इंडिया की पहली ओपनिंग जोड़ी बन गई है, जिन्होंने पिछले 20 सालों में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में 100 रनों की साझेदारी की।
जहां एक तरफ मेजबान बल्लेबाजों को उनकी पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ काफी परेशान होते हुए देखा गया था। वहीं दूसरी ओर भारत के दूसरी पारी में यशस्वी और राहुल ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई है। दोनों बल्लेबाजों ने अपनी टीम को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है। दोनों ही खिलाड़ी अर्धशतक जड़ चुके हैं।
खेल के दूसरे दिन भी टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया पर बनाया हुआ है दबाव
पर्थ टेस्ट में टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में सिर्फ 150 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया 104 रनों पर सिमट गई। मेजबान टीम की ओर से इस मुकाबले में मिचेल स्टार्क ने 26 रन बनाए, जबकि एलेक्स केरी ने 21 रनों का योगदान दिया। वहीं टीम इंडिया के लिए जसप्रीत बुमराह ने 5 विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने तीन और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट अपने नाम किए।
फिलहाल भारतीय टीम काफी अच्छी स्थिति में है और अगर उन्हें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है तो टीम को यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। यशस्वी और राहुल ने टीम को अच्छी शुरुआत दे दी है और अब वह बड़ा स्कोर बनाने को देखेंगे।