केएल राहुल को भारतीय टीम से हटाया जाए और शुभमन गिल को उनकी जगह शामिल किया जाए: दानिश कनेरिया
वनडे वर्ल्ड कप 2023 काफी नजदीक है और भारतीय मैनेजमेंट को शुभमन गिल को मौका देना बेहद जरूरी है: दानिश कनेरिया
अद्यतन - Nov 24, 2022 5:43 pm

पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया का मानना है कि केएल राहुल को भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बहुत मौके दे दिए हैं और उनका हालिया प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है और इसी वजह से अब टीम को शुभमन गिल को टॉप ऑर्डर में मौका देना चाहिए। ऐसा करने से आपको वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भी काफी मदद मिलेगी।
बता दें, केएल राहुल ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग की थी और उनका प्रदर्शन इस मुख्य टूर्नामेंट में काफी निराशाजनक रहा था। उन्होंने 6 पारियों में 21.33 के औसत और 120.75 के स्ट्राइक रेट से मात्र 128 रन बनाए थे।
उन्होंने बांग्लादेश और जिंबाब्वे के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। हालांकि पावरप्ले में उन्होंने लगभग हर मुकाबले में टीम को धीमी शुरुआत दी थी जिसकी वजह से तमाम लोगों ने उनकी आलोचना की थी।
अब समय आ गया है शुभमन गिल को टीम में शामिल करने का: दानिश कनेरिया
दानिश कनेरिया ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘वनडे वर्ल्ड कप 2023 काफी नजदीक है और भारतीय मैनेजमेंट को शुभमन गिल को मौका देना बेहद जरूरी है। वो काफी कमाल के खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा वनडे प्रारूप में टीम के कप्तान रहेंगे लेकिन उन्हें कुछ अच्छे खिलाड़ी भी चाहिए होंगे। केएल राहुल को बहुत मौके दे दिए गए हैं लेकिन उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। वहीं शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन ने अपनी टीम की ओर से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।’
बता दें, न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज को 1-0 से अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम अब मेजबान के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेगी जो 25 नवंबर से ऑकलैंड में शुरू हो रही है। इस दौरे में रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली को आराम दिया गया है। जहां एक तरफ टी-20 टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या कर रहे थे वहीं दूसरी ओर वनडे टीम की कप्तानी शिखर धवन करेंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए यह रही भारतीय टीम
शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, शाहबाज अहमद, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, दीपक चाहर, कुलदीप सेन, उमरान मलिक