दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हुए केएल राहुल और कुलदीप, पंत करेंगे कप्तानी
रोहित की गैरमौजूदगी में इस सीरीज के लिए पहले केएल राहुल को बनाया गया था टीम इंडिया का कप्तान।
अद्यतन - Jun 8, 2022 6:58 pm

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 जून से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज से पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। केएल राहुल जिन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए टीम का कप्तान बनाया गया था वो चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने 8 जून को इस खबर की पुष्टि आधिकारिक तौर पर की है।
आपको बता दें कि, नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में केएल राहुल को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था, लेकिन वे अब चोट के चलते इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। इस वजह से ऋषभ पंत टीम की कमान सौंपी गई है। पंत, जिन्हें इस पांच मैचों की सीरीज के लिए टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया था उन्हें अब कप्तान बनाया गया है। वहीं, उपकप्तान की जिम्मेदारी हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है।
बीसीसीआई ने ट्वीट करते हुए बताया है कि केएल राहुल चोट की वजह से इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। बोर्ड ने बताया, “टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल राइट ग्रोइन इंजरी के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।” इसके साथ ही टीम इंडिया को एक और झटका कुलदीप यादव के रूप में लगा है और बोर्ड ने बताया है कि वो भी अब इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।
यहां देखिए बीसीसीआई का वो ट्वीट
NEWS 🚨- KL Rahul and Kuldeep Yadav ruled out of #INDvSA series owing to injury.
The All-India Senior Selection Committee has named wicket-keeper Rishabh Pant as Captain and Hardik Pandya as vice-captain for the home series against South Africa @Paytm #INDvSA
— BCCI (@BCCI) June 8, 2022
हालांकि अभी तक सेलेक्टर्स ने केएल राहुल और कुलदीप यादव की जगह किसी को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल नहीं किया है। बताया जा रहा है कि,दोनों क्रिकेटर अब एनसीए जायेंगे। वहां मेडिकल टीम उनकी स्थिति का आंकलन करेगी और उसके बाद ही उनके भविष्य को लेकर कुछ फैसला लिया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए भारत की संसोधित टीम
ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अवेश खान, अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक।