“मैं फिर से बल्लेबाजी के लिए पैड पहनने जा रहा था”, केएल राहुल ने आकाश दीप-बुमराह साझेदारी की जमकर की प्रशंसा
खेल के चौथे दिन की समाप्ति पर टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट खोकर 252 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - Dec 17, 2024 5:25 pm

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच तीसरा टेस्ट ब्रिसबेन के गाबा में खेला जा रहा है। खेल के चौथे दिन की समाप्ति पर टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट खोकर 252 रन बना लिए हैं। और अभी भी वह मेजबान टीम के स्कोर से 193 रन पीछे है।
चौथे दिन एक समय तक भारतीय टीम काफी संकट में नजर आ रही थी और टीम पर फॉलोऑन का खतरा था, लेकिन आकाश दीप और जसप्रीत बुमराह ने 10वें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए टीम को फॉलोऑन से बचा लिया। दोनों बल्लेबाजों ने अभी तक 39* रन की पार्टनरशिप बना ली है और क्रीज पर बने हुए हैं।
वहीं दिन का खेल खत्म होने के बाद केएल राहुल ने इन दोनों खिलाड़ियों की साझेदारी की जमकर प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया कि वो फिर से बल्लेबाजी करने के लिए पैड पहन चुके थे।
केएल राहुल ने कहा कि, ‘जब आकाश दीप और जसप्रीत बुमराह खेल कर रहे थे तब मैं फिर से बल्लेबाजी करने के लिए पैड पहन रहा था। इन दोनों खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया को तगड़ी चुनौती दी।’
खेल का पांचवा दिन दोनों टीमों के लिए रहने वाला है महत्वपूर्ण
भले ही टीम इंडिया फॉलोऑन से बच गई है, लेकिन वो अभी भी अपनी पहली पारी में 193 रनों से पीछे है। खेल का पांचवा दिन दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण होने वाला है। हालांकि, इस समय ऐसा कहा जा सकता है कि यह मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है।
केएल राहुल की बात की जाए तो उन्होंने तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए। केएल राहुल के अलावा रवींद्र जडेजा ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 77 रनों की पारी खेली।