अपनी चोट से काफी अच्छी तरह से उभर चुके हैं केएल राहुल, बल्लेबाजी के अभ्यास की वीडियो को सोशल मीडिया पर किया शेयर
केएल राहुल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी साझा की है जिसमें वो बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए नजर आ रहे हैं।
अद्यतन - Jul 18, 2023 2:21 pm

भारतीय टीम के शानदार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को हाल ही में जमकर अभ्यास करते हुए देखा गया है। उन्होंने काफी लंबे समय के बाद बल्ला पकड़ा और काफी देर तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया।
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए केएल राहुल चोटिल हो गए थे। वो फील्डिंग कर रहे थे जब उन्हें यह चोट लगी। इसके बाद से ही उनके तमाम फैंस यही दुआ कर रहे थे कि जल्द से जल्द केएल राहुल अपनी चोट से उभर जाए और क्रिकेट मैदान पर वापसी करें।
केएल राहुल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी साझा की है जिसमें वो बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को देखकर उनके तमाम फैंस काफी खुश है।
केएल राहुल की वनडे वर्ल्ड कप 2023 पर होगी निगाहें
पिछले काफी समय से केएल राहुल अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं नजर आए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में भी उनका बल्ला खामोश रहा था। उन्होंने गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था लेकिन दोनों ही मुकाबलों में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। पिछले काफी समय से तमाम लोग उनके स्ट्राइक रेट की जमकर आलोचना कर रहे हैं।
हालांकि इस समय केएल राहुल की निगाहें वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम में वापसी पर होगी। टीम को उससे पहले एशिया कप में भी भाग लेना है लेकिन केएल राहुल का उस टूर्नामेंट में खेलना काफी मुश्किल लग रहा है। अगर वो अपनी चोट से पूरी तरह से ठीक हो जाते हैं तो शायद उन्हें एशिया कप 2023 में भी खेलते हुए देखा जा सकता है जो पाकिस्तान और श्रीलंका में होगा।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 की बात की जाए तो यह टूर्नामेंट भारत में खेला जाएगा और केएल राहुल का अगर उस टूर्नामेंट की भारतीय टीम में चयन हो जाता है तो वो खुद अपनी टीम के लिए शानदार बल्लेबाजी करने को देखेंगे। फिलहाल अभी इसको लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता कि केएल राहुल इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे या नहीं।