भारत के ICC ट्रॉफी सूखे को लेकर हरभजन सिंह का बड़ा बयान, कहा, "पहले ये गलती करना बंद करो" - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत के ICC ट्रॉफी सूखे को लेकर हरभजन सिंह का बड़ा बयान, कहा, “पहले ये गलती करना बंद करो”

टीम इंडिया को हाल ही में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में हार झेलनी पड़ी।

Rohit Sharma Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)

टीम इंडिया इस वक्त वेस्टइंडीज दौरे में दमखम दिखा रही है। इस साल भारत एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप 2023 का हिस्सा बनने वाला है। टीम इंडिया ने आखिरी बार वनडे वर्ल्ड कप साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीता था, तब से वर्ल्ड कप का सूखा जारी है।

टीम इंडिया को हाल ही में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद 10 साल बाद भी आईसीसी खिताब का सूखा टीम इंडिया के जारी है। आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन से भारतीय फैंस काफी ज्यादा हताश हो चुके हैं।

पूर्व क्रिकेटर भी अकसर भारत की असफलता को लेकर अपने विचार साझा करते रहते हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत की असफलता को लेकर बड़ा बयान दिया है।

एकमात्र मकसद देश के लिए जीतना है- हरभजन सिंह

हरभजन सिंह का कहना है कि, टीम इंडिया आईसीसी टूर्नामेंट्स में इसलिए असफल हो रही है क्योंकि वे एक टीम के रूप में नहीं खेलते हैं। हरभजन सिंह ने न्यूज24 स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘मैं नहीं जानता, मेरे लिए यह कहना बहुत मुश्किल है कि हमारे पास क्या था और उनके पास क्या नहीं था। मेरा मानना है कि जो खिलाड़ी देश के लिए खेलते है, चाहे वे किसी भी युग में खेल रहे हों, उनका एकमात्र मकसद अच्छा खेलना और देश के लिए जीतना है।’

हरभजन सिंह ने आगे कहा, ‘हम 2015 और 2019 में सेमीफाइनल तक खेले, आईसीसी ट्रॉफी नहीं आई। दबाव झेलकर पलटवार करने की क्षमता शायद एक या दो खिलाड़ियों में ही देखी गई है। आपको एक टीम के रूप में बड़े टूर्नामेंट खेलने की जरूरत है।’

यह भी पढ़े- ODI World Cup 2023: अजीत अगरकर टीम के सिलसिले में राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा से बात करने वेस्टइंडीज रवाना होंगे

क्या फिर इतिहास रच पाएगी टीम इंडिया?

वनडे वर्ल्ड कप 2023 इस साल भारत में 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक खेला जाएगा। 2011 में जब वर्ल्ड कप भारत में आयोजित हुआ था, तब टीम इंडिया ने 28 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए ट्रॉफी जीती थी। इस बार भी रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया इतिहास रचना चाहेगी।

लेकिन वर्ल्ड कप से पहले भारत की मुसीबतें चरम सीमा पर है। क्योंकि जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी चोटिल है। तीनों ही खिलाड़ी इस वक्त एनसीए में रिहैब की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि यह अहम खिलाड़ी वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट हो जाए।

close whatsapp