IPL 2023: जानें कौन हैं सुयश शर्मा, जिन्होंने RCB की बैटिंग लाइनअप को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: जानें कौन हैं सुयश शर्मा, जिन्होंने RCB की बैटिंग लाइनअप को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया

सुयश शर्मा ने 4 ओवर्स में 30 रन देकर 3 विकेट झटके और KKR की जीत में अहम योगदान दिया।

Suyash Sharma (Pic Source-Twitter)
Suyash Sharma (Pic Source-Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 9वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच में खेला गया। इस शानदार मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 81 रनों से मात दी। शार्दुल ठाकुर के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत KKR ने इस मुकाबले को अपने नाम किया।

इस मैच में ठाकुर के अलावा युवा स्पिनर सुयश शर्मा ने भी कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट झटके। उन्होंने 4 ओवर्स में 30 रन देकर 3 विकेट झटके और KKR की जीत में अहम योगदान दिया। तमाम लोग सुयश शर्मा के इस प्रदर्शन की जमकर तारीफ कर रहे हैं। आज हम आपको बताते हैं कि आखिर सुयश शर्मा कौन हैं?

जानें कौन हैं सुयश शर्मा?

बता दें, सुयश शर्मा इस मैच की प्लेइंग XI में शामिल नहीं थे लेकिन RCB की बल्लेबाजी के दौरान उन्हें सब्सीट्यूट खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया। यह सुयश शर्मा का IPL में डेब्यू मुकाबला था। इस युवा स्पिनर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2023 के ऑक्शन में 20 लाख रुपए में खरीदा था। उन्हें ‘मिस्ट्री स्पिनर’ भी कहा जाता है।

सुयश शर्मा दिल्ली के हैं और उन्होंने अभी तक इस मुकाबले से पहले ना तो कोई फर्स्ट-क्लास मुकाबला खेला है, ना ही लिस्ट-ए और ना ही टी-20 मैच। वो 19 साल के हैं और उन्होंने इतनी कम उम्र में ही इतने बड़े प्लेटफार्म में अपनी छाप छोड़ी। दिल्ली में उन्होंने जूनियर स्तर में काफी क्रिकेट खेला।

उनकी स्पिन गेंदबाजी ने जूनियर स्तर में ही काफी लोगों को प्रभावित किया। KKR की स्काउटिंग टीम की नजर सुयश शर्मा पर पड़ी। वो लोग भी उनकी गेंदबाजी से काफी प्रभावित हुए। इसका रिजल्ट यह निकला कि KKR ने IPL 2023 में उनको उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा।

मुकाबले की बात की जाए तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 204 रन बनाए। टीम की ओर से शार्दुल ठाकुर ने 29 गेंदों में 9 चौके और तीन छक्कों की मदद से 68 रन की विस्फोटक पारी खेली। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 123 रन पर ऑलआउट हो गई। सुयश शर्मा के अलावा KKR की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 3.4 ओवर में 15 रन देकर चार विकेट झटके जबकि सुनील नरेन ने 2 विकेट अपने नाम किए।

close whatsapp