अजिंक्य रहाणे के रिटायरमेंट के बाद कौन बनेगा KKR का कप्तान? यहां जानें
रहाणे ने 30 जुलाई को क्रिकेट के सभी फाॅर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
अद्यतन - जुलाई 31, 2026 10:41 पूर्वाह्न

अनुभवी भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई, गुरूवार को क्रिकेट के सभी फाॅर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। रहाणे के संन्यास के बाद, अब तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को आईपीएल 2027 में एक नए कप्तान की तलाश होगी।
इसके लिए वह आईपीएल के 20वें सीजन से पहले किसी दूसरी टीम से किसी खिलाड़ी को ट्रेड कर सकती है, जिसमें कप्तानी करने की काबिलियत हो या फिर केकेआर की मौजूदा लीडरशिप में से किसी को चुन सकती है। तो आइए इस खबर के माध्यम से इसी बारे में जानकारी देने की कोशिश करते हैं:
कौन बन सकता है केकेआर का अगला कप्तान?
मौजूदा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो केकेआर के मौजूदा उपकप्तान रिंकू सिंह फ्रेंचाइजी के नए कप्तान बनने की रेस में सबसे आगे नजर आ रहे हैं। वह केकेआर के साथ इस भूमिका में पिछले दो साल से हैं। गौरतलब है कि IPL 2025 से पहले रिंकू को पहली बार KKR का उप-कप्तान बनाया गया और फ्रेंचाइजी ने इस फैसले को उनके लीडरशिप डेवलपमेंट का हिस्सा बताया था।
इसके अलावा जब रिंकू सिंह को केकेआर टीम में यह जिम्मेदारी मिली, तो केकेआर हेड कोच अभिषेक नायर ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो के हवाले से कहा- “पिछले कुछ सालों में, हमने रिंकू सिंह को न सिर्फ एक क्रिकेटर के तौर पर, बल्कि एक लीडर के तौर पर भी आगे बढ़ते देखा है। पिछले कुछ वर्षों में, जहां एक ओर उनके प्रदर्शन ने खुद ही अपनी कहानी बयां की है, वहीं मुझे लगता है कि मैदान के बाहर, बिना ज्यादा कुछ कहे, वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनसे टीम को बात करने का बेसब्री से इंतजार रहता है।”
“हम रिंकू को थोड़ी और जिम्मेदारी देना चाहते थे और मुझे लगता है कि विश्व कप चैंपियन बनने के बाद, उनके लिए यह जिम्मेदारी संभालने और अजिंक्य रहाणे को कमान संभालने में मदद करने का यह बिल्कुल सही समय है।”
दूसरी ओर, रिंकू सिंह की कप्तानी के ट्रैकरिकाॅर्ड की बात करें तो उन्होंने 2024 में मेरठ मावेरिक्स को UPT20 का खिताब जिताया और 2025 में टीम रनर-अप रही। इन दो सीजन में उन्होंने कप्तानी करते हुए 18 में से 13 मैच जीते। साथ ही 2024-25 विजय हजारे ट्रॉफी से पहले भुवनेश्वर कुमार की जगह लेने के बाद से उन्होंने लिस्ट A क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की कप्तानी भी की है।
इस वजह से अगल हम कहें कि केकेआर टीम आईपीएल के अगले सीजन के लिए रिंकू सिंह को कप्तानी की जिम्मेदारी दे सकती है, तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं होगी। हालांकि, टीम में कप्तानी करने के लिए अन्य दावदारों में रोवमैन पाॅवेल शामिल हैं, जो कैरेबियाई टीम की व्हाइट बाॅल क्रिकेट में बागडोर संभाल चुके हैं।