IND vs AUS: कुलदीप यादव की इस फिरकी का एलेक्स कैरी के पास नहीं था कोई जवाब, इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई यह कमाल की गेंद - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs AUS: कुलदीप यादव की इस फिरकी का एलेक्स कैरी के पास नहीं था कोई जवाब, इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई यह कमाल की गेंद

भारत की ओर से कुलदीप यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 56 रन देकर तीन विकेट झटके।

Alex Carey and Kuldeep Yadav (Pic Source-Twitter)
Alex Carey and Kuldeep Yadav (Pic Source-Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में तीसरा और अंतिम वनडे मुकाबला शुरू हो चुका है। इस महत्वपूर्ण मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 269 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 56 रन देकर तीन विकेट झटके।

उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया के ऊपर अपना दबाव बनाए रखा। इस बेहतरीन मुकाबले में कुलदीप यादव ने डेविड वॉर्नर, मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कैरी का विकेट अपने नाम किया। जहां एक तरफ डेविड वॉर्नर ने 31 गेंदों में एक चौके की मदद से 23 रन बनाए वहीं मार्नुस लाबुशेन ने 45 गेंदों में 1 चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन की पारी खेली। एलेक्स कैरी की बात की जाए तो उन्होंने 46 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाए। हालांकि उनकी बल्लेबाजी से ज्यादा चर्चा कुलदीप यादव की गेंदबाजी की है।

ऐसा इसलिए क्योंकि कुलदीप ने एलेक्स कैरी को इतनी अच्छी गेंद पर आउट किया जिसको देख सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ियों ने भी उनकी जमकर तारीफ की। पारी के 39वें ओवर में कुलदीप यादव ने ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज को ललचाने वाली लेग ब्रेक गेंद फेंकी। जैसे ही यह गेंद पिच पर गिरी इसने तुरंत कांटा बदला और यह सीधा स्टंप्स पर जा लगी।

ये रही वीडियो:

https://twitter.com/kritiitweets/status/1638498540954726401?s=20

एलेक्स कैरी भी इस गेंद को समझ नहीं पाए और उन्होंने भी इसकी सराहना की। कुलदीप के अलावा इस मैच में हार्दिक पांड्या ने भी बहुत ही अच्छी गेंदबाजी की और 8 ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट झटके। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 8 ओवर में 57 रन देकर दो विकेट झटके जबकि मोहम्मद सिराज ने 7 ओवर में 37 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श ने 47 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन की पारी खेली जबकि ट्रेविस हेड ने 31 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। फिलहाल तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। दोनों के लिए इस तीसरे वनडे को जीतना बेहद जरूरी है।

close whatsapp