‘वह पूरी तरह से तैयार है’ संगाकारा ने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल करने का समर्थन किया
आईपीएल 2026 में वैभव ने तूफानी अंदाज में 776 रन बनाए हैं।
अद्यतन - मई 30, 2026 1:01 अपराह्न

राजस्थान राॅयल्स के हेड कोच कुमार संगाकारा का मानना है कि 15 वर्षीय युवा स्टार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किए जाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। गौरतलब है कि बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने जारी आईपीएल 2026 में एक बार की चैंपियन राजस्थान राॅयल्स के लिए असाधारण प्रदर्शन किया है।
सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में खेले गए 16 मैचों में 48.50 की शानदार औसत और 237.30 के तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए हैं। साथ ही उन्होंने टीम को प्लेऑफ के साथ क्वालिफायर 2 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
दूसरी ओर, इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को इंडिया ए टीम में श्रीलंका दौरे के लिए जगह मिल गई है। तो वहीं, अब संगाकारा ने युवा खिलाड़ी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें जल्द ही सीनियर भारतीय टीम में मौका मिलने वाला है।
कुमार संगाकारा का बड़ा बयान
गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान राॅयल्स के बीच आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर मैच के बाद, कुमार संगाकारा ने पोस्ट मैच के दौरान कहा जब तक कोई खिलाड़ी खेल नहीं लेता, तब तक आप यह नहीं जान सकते कि वह तैयार है या नहीं। लेकिन, दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ उसने जो प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
मुझे पूरा यकीन है कि उसे बहुत जल्द ही टीम में शामिल होने का मौका मिलेगा। उसने काफी परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की है और इस सीजन में हमारे लिए सलामी साझेदारी की जिम्मेदारी को बहुत अच्छे से निभाया है।
संगाकारा ने आगे गुजरात के खिलाफ मुकाबले में सूर्यवंशी को बाॅडीलाइन पर गेंदबाजी को लेकर कहा- “और हां, किसी भी बल्लेबाज को चोट लगना डरावना होता है। मैंने बहुत से लोगों को चोट लगते देखा है, और यह कभी भी अच्छा पल नहीं होता। लेकिन मुझे खुशी है कि वह (वैभव) ठीक है।”