क्या फिर से क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं लसिथ मलिंगा?
राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन के लिए लसिथ मलिंगा को बनाया है अपना गेंदबाजी कोच।
अद्यतन - Mar 22, 2022 11:51 am

पूर्व श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा आईपीएल 2022 में बतौर खिलाड़ी नहीं बल्कि कोच की भूमिका में नजर आएंगे। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के आगामी सीजन के लिए श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को अपना नया तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। मुंबई इंडियंस की टीम में कई सालों तक बतौर तेज गेंदबाज खेलने वाले मलिंगा ने पिछले साल खेल के सभी प्रारूप से संन्यास का ऐलान किया था।
बतौर कोच लसिथ मलिंगा के लिए यह पहला टूर्नामेंट होने वाला है। जयपुर स्थित फ्रेंचाइजी मेगा टी-20 टूर्नामेंट के पिछले कुछ संस्करणों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। वो इस साल के आईपीएल में अपनी गेंदबाजी में सुधार करने की कोशिश करेंगे और शायद इन्हीं सब वजहों से उन्होंने दिग्गज मलिंगा को अपने कोचिंग टीम का सदस्य बनाया है।
राजस्थान के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा के साथ काम करने के लिए उत्सुक होंगे
इस बीच राजस्थान रॉयल्स की टीम ने आगामी सीजन के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इस दौरान टीम के सभी गेंदबाजों के पास इस सीजन दिग्गज लसिथ मलिंगा से सीखने के लिए काफी कुछ होगा। हाल ही में फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर टीम प्रैक्टिस के दौरान का लसिथ मलिंगा का गेंदबाजी करते हुए वीडियो साझा किया है, जहां मलिंगा एक शानदार यॉर्कर से स्टंप्स को उखाड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने वीडियो शेयर करते हुए मजेदार कैप्शन भी लिखा और मलिंगा के फैंस उनकी गेंदबाजी को देखकर बहुत खुश हुए। और देखते ही देखते उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
यहां देखिए लसिथ मलिंगा का वो वीडियो
मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा वर्तमान में आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 122 मैचों में मलिंगा ने 170 विकेट अपने नाम किए हैं। 38 वर्षीय उन खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट में केवल एक फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया।
वहीं राजस्थान रॉयल्स 29 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने आईपीएल 2022 अभियान की शुरुआत करेगी। विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन एक बार फिर राजस्थान का नेतृत्व करेंगे, वह फ्रेंचाइजी द्वारा रिटेन किए गए तीन खिलाड़ियों में से एक थे, अन्य दो नाम जॉस बटलर और यशस्वी जायसवाल का था।