Women’s World Cup 2025: दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने जड़ा रिकॉर्ड तोड़ शतक!
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने इंग्लैंड के विरुद्ध खेले जा रहे पहले सेमी-फाइनल मुकाबले में जड़ा बेहतरीन शतक, 143 गेंदों में 169 रन बनाए।
अद्यतन - अक्टूबर 29, 2025 9:20 अपराह्न

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के पहले सेमी-फाइनल में दक्षिण अफ्रीका का सामना नैट साइवर-ब्रंट की इंग्लैंड से हो रहा है। गुवाहाटी में चल रहे इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतते हुए पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज़ों ने शतकीय साझेदारी करते हुए अपनी टीम को शानदार शुरुआत दी।
इसी बीच दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने कप्तानी पारी खेलते हुए ताबड़तोड़ अंदाज़ में एकदिवसीय क्रिकेट में अपना 10वाँ शतक अर्जित किया और दक्षिण अफ्रीका को एक सशक्त टोटल तक ले जाने में कामयाब रहीं। एक पल 215 पर 6 विकेट गँवा चुकी दक्षिण अफ्रीका की स्थिति नाजुक दिखाई दे रही थी, परन्तु वोल्वार्ड्ट की सूझ-बूझ भरी पारी ने दक्षिण अफ्रीका को 319 रनों के मज़बूत टोटल तक पहुँचने का मौका दिया।
वोल्वार्ड्ट की इस पारी में 20 चौके तथा 4 छक्के शामिल थे। इस पारी ने दक्षिण अफ्रीका की स्थिति को मज़बूती प्रदान करते हुए विश्व कप के फाइनल्स में लगभग उनकी राह तय कर दी है। इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना इंग्लैंड की बल्लेबाज़ों के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं होगा।
वोल्वार्ड्ट ने अपने बल्ले से तोड़े कई सारे रिकॉर्ड
दक्षिण अफ्रीका की 26 वर्षीय लौरा वोल्वार्ड्ट ने विश्व कप में अपना पहला शतक जड़ते हुए कई और रिकॉर्ड भी बनाए। दाएँ हाथ की बल्लेबाज़ वोल्वार्ड्ट आईसीसी महिला विश्व कप के इतिहास की पहली ऐसी कप्तान बनीं जिन्होंने नॉकआउट स्टेजेस में शतक लगाया हो। इस फॉर्मेट में यह उनका 10वाँ शतक तथा एकदिवसीय में दूसरा-सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
साथ ही कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने महिला वनडे क्रिकेट में 5000 रन पूरे करने वाली पहली अफ्रीकी बल्लेबाज़ बनकर इतिहास रच दिया। वह एक वर्ल्ड कप संस्करण में 450 रन बनाने वाली पहली कप्तान भी बनीं। इसके साथ ही, 48वीं बार 50+ स्कोर बनाकर उन्होंने वनडे में ओपनर के तौर पर सबसे ज़्यादा अर्धशतक के रिकॉर्ड में स्मृति मंधाना की बराबरी भी कर ली।
मैच का हाल
फिलहाल गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में चल रहे पहले सेमी-फाइनल में इंग्लैंड 320 रनों का पीछा करते हुए 164 रनों पर अपनी 8 विकेटें गँवा चुका है। दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी गेंदबाज़ मारिज़ैन कप्प ने पाँच विकेटें लेते हुए टीम को एक सुदृढ़ परिस्थिति में ला खड़ा किया है और महिला विश्व कप में सबसे ज़्यादा विकेट (44) लेने वाली गेंदबाज़ भी बन गई हैं। यदि वे इस मुकाबले में विजयी होती हैं, तो वे महिला विश्व कप 2025 की पहली फाइनलिस्ट बन जाएँगी।