जीएमआर और अडानी ग्रुप ने लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) में खरीदी दो टीमें; पढ़िए पूरी खबर - क्रिकट्रैकर हिंदी

जीएमआर और अडानी ग्रुप ने लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) में खरीदी दो टीमें; पढ़िए पूरी खबर

एलएलसी (LLC) के आगामी संस्करण का आगाज 16 सितंबर से ईडन गार्डन्स में होगा।

Kevin Pietersen (Images Source: LLC)
Kevin Pietersen (Images Source: LLC)

भारत की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी जीएमआर ग्रुप ने 25 अगस्त को लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) के आगामी दूसरे संस्करण में अपनी भागीदारी का ऐलान कर दिया है। जीएमआर ग्रुप ने लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) में एक फ्रेंचाइजी खरीद ली है, जिसका उन्होंने नाम इंडिया कैपिटल्स दिया है।

जीएमआर ग्रुप पहले ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक है, और उन्होंने हाल ही में अगले साल जनवरी में शुरू होने वाली नई इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT20) में दुबई कैपिटल्स का स्वामित्व हासिल कर क्रिकेट जगत में अपनी जड़े फैलाना शुरू कर दिया है।

एलएलसी (LLC) में जीएमआर ग्रुप ने इंडिया कैपिटल्स जबकि अडानी ग्रुप ने गुजरात जायंट्स नाम की टीम खरीदी

जीएमआर ग्रुप के प्रबंध निदेशक किरण कुमार ग्रांधी को News18 के हवाले से कहा: “मुझे लीजेंड्स क्रिकेट लीग में इंडिया कैपिटल्स के रूप में जीएमआर स्पोर्ट्स की नई टीम की घोषणा करते हुए बहुत गर्व और खुशी हो रही है। जीएमआर का क्रिकेट के साथ करीब दो दशकों से घनिष्ठ संबंध रहा है। हम इस बात को लेकर बहुत खुश है कि लीजेंड्स क्रिकेट लीग में कुछ बेहतरीन क्रिकेटर शामिल होंगे, जिन्होंने न केवल भारत के हर कोने में, बल्कि विश्व स्तर पर भी इस खूबसूरत खेल को लोकप्रिय बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है।”

इस बीच, अडानी ग्रुप ने एलएलसी (LLC) में गुजरात जायंट्स नाम की टीम खरीद ली है। जीएमआर और अडानी ग्रुप ने अपनी-अपनी फ्रेंचाइजियों की कीमत का खुलासा नहीं किया है, और कहा जा रहा है कि दो और नई टीमों का ऐलान जल्द हो सकता है।

एलएलसी (LLC) के संस्थापक और अध्यक्ष विवेक खुशलानी ने कहा: “यह हमारे लिए बहुत बड़े गर्व की बात है कि कि हमारे पास दो प्रतिष्ठित ग्रुप, जीएमआर और अडानी, हमारे साझेदार के रूप में सामने आए हैं। ये दो प्रतिष्ठित ग्रुप कई स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजियों के मालिक और हमें यकीन है कि वे इस लीग में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”

आपको बता दें, एलएलसी (LLC) के आगामी संस्करण का आगाज 16 सितंबर से ईडन गार्डन्स में होगा और भारत महाराजा और वर्ल्ड जायंट्स के बीच खेला जाने वाला पहला मैच भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित होगा। एलएलसी (LLC) के ग्रुप मैच कोलकाता, लखनऊ, नई दिल्ली, कटक और जोधपुर में खेले जाएंगे, जबकि प्लेऑफ और फाइनल देहरादून में खेले जा सकते है।

 

close whatsapp