लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ केएल राहुल बेहतरीन प्रदर्शन जरूर करना चाहेंगे: चेतेश्वर पुजारा । CricTracker Hindi

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ केएल राहुल बेहतरीन प्रदर्शन जरूर करना चाहेंगे: चेतेश्वर पुजारा

चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि केएल राहुल अपनी पूर्व टीम के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देखेंगे।

KL Rahul
KL Rahul (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)

आईपीएल 2025 का 40वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आज यानी 22 अप्रैल को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। दोनों ही टीमों को इस मैच में शानदार क्रिकेट खेलते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, इस मैच से पहले पूर्व खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा ने केएल राहुल को लेकर बड़ा बयान दिया है। चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि केएल राहुल अपनी पूर्व टीम के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देखेंगे।

बता दें कि, राहुल ने तीन सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स टीम की कप्तानी की थी और उसमें से दो सीजन में फ्रेंचाइजी ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की थी। 2024 सीजन में केएल राहुल की कप्तानी में लखनऊ ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था। यही वजह है कि आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया।

इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने राहुल को 14 करोड़ रुपए में खरीदा। और दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अभी तक इस सीजन में 6 पारी में 53.20 की औसत से 266 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल है।

इस बीच चेतेश्वर पुजारा ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर कहा कि, ‘मुझे लगता है कि एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के रूप में जो पहले हो चुका है आप उससे आगे बढ़ना चाहते हैं। लेकिन इस समय आपके दिमाग में भी कई चीजें चल रही होती हैं। ऐसा ही कुछ राहुल के दिमाग में भी चल रहा होगा। फिलहाल केएल राहुल लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देख रहे होंगे।’

केएल राहुल को थोड़ा और खुलकर खेलते हुए देखा गया है: चेतेश्वर पुजारा

पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘जिस तरीके से केएल राहुल बल्लेबाजी कर रहे हैं वह थोड़े अलग नजर आए हैं। उन्हें थोड़ा और खुलकर खेलते हुए देखा गया है। ‌चैंपियंस ट्रॉफी के बाद उनका आत्मविश्वास और बढ़ गया है और उन्होंने सभी फॉर्मेट में धमाकेदार बल्लेबाजी की है। अब वह अपने जोन में आ चुके हैं।’

लखनऊ सुपर जायंट्स की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक इस सीजन में 8 मैचों में से 5 में जीत दर्ज की है, जबकि तीन मैच वह हार चुकी है। टीम के 10 अंक हैं और वह आईपीएल 2025 की अंक तालिका में पांचवें पायदान पर है। दिल्ली कैपिटल्स के भी 10 अंक हैं और वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।

close whatsapp