मोहम्मद रिजवान को अपने बल्लेबाजी स्टाइल में बदलाव करने की कोई जरूरत नहीं है- शाहिद अफरीदी
मोहम्मद रिजवान ने इस साल 1,500 टी-20 रन बनाए हैं और वो ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 8, 2022 6:54 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी का मानना है कि भले ही तमाम लोग मोहम्मद रिजवान के बल्लेबाजी स्टाइल की आलोचना कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें इसको बदलने की कोई जरूरत नहीं है। बता दें, मोहम्मद रिजवान ने टी-20 प्रारूप की पिछली 10 पारियों में 6 अर्धशतक जड़े हैं। वो इस समय ICC वर्ल्ड टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं।
पाकिस्तान टीम इस समय मेजबान न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के पहले मैच में मोहम्मद रिजवान ने बांग्लादेश के खिलाफ 50 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 78* रन की मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की वजह से पाकिस्तान ने इस मैच को 21 रन से अपने नाम किया। मोहम्मद रिजवान ने इस साल 1,500 टी-20 रन बनाए हैं और वो ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
शाहिद अफरीदी ने मोहम्मद रिजवान को लेकर समा टीवी में कहा कि, ‘रिजवान को अपनी योजना को बदलने की कोई जरूरत नहीं है। उनको किसी की भी सुनने की जरूरत नहीं है।’
6 बल्लेबाज खेल रहे हैं और आपको कम से कम 3 से तो रन बनाने की उम्मीद रखनी चाहिए: शाहिद अफरीदी
पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी की बात की जाए तो पिछले कुछ समय से उनके मिडल ऑर्डर का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। ज्यादातर मुकाबलों में मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने ही रन बनाए हैं, वहीं मिडिल ऑर्डर में ज्यादा अनुभव ना होने की वजह से टीम को कई मुकाबलों में मात खानी पड़ी है। शाहिद अफरीदी का मानना है कि मोहम्मद रिजवान के अलावा और भी खिलाड़ियों को आगे आकर अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए।
शाहिद अफरीदी ने आगे कहा कि, ‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप बल्लेबाजी कर रहे हैं या गेंदबाजी, लेकिन शुरुआत बेहद जरूरी है। मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम अच्छी शुरुआत दे रहे हैं। लेकिन सिर्फ एक या दो खिलाड़ी टीम नहीं बना सकते। वहां 11 खिलाड़ी मौजूद हैं जिनमें से छह बल्लेबाज है। इनमें से आपको कम से कम 3 से तो बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद रखनी चाहिए।’