क्या मोहम्मद रिजवान की वजह से सरफराज अहमद की पाकिस्तान टीम में नहीं हो रही वापसी, सिकंदर बख्त ने किया जबरदस्त खुलासा
एशिया कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले रिजवान ने लोगों से कहा है कि वो पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं करने देंगे।
अद्यतन - Sep 22, 2022 7:07 pm

दुनिया के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के चौकाने वाले बयान का खुलासा सिकंदर बख्त ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर किया है। एशिया कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले रिजवान ने लोगों से कहा है कि वो पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं करने देंगे।
बता दें, हाल ही में सरफराज अहमद ने नेशनल टी-20 कप जीता है। वो सिंध की ओर से खेले थे। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था और तमाम विशेषज्ञों का मानना था कि आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी होनी चाहिए। हालांकि मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम और बाकी चयनकर्ताओं को सरफराज को टीम में वापस लेना सही नहीं लगा और उन्होंने उनकी जगह मोहम्मद हरीस को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना।
हालांकि जब से बख्त ने मोहम्मद रिजवान का चौंकाने वाला बयान दुनिया के सामने रखा है तब से तमाम लोग यही सवाल पूछ रहे हैं कि क्या इसके पीछे रिजवान का हाथ तो नहीं है।
बख्त ने पाकिस्तान के टीवी चैनल जियो सुपर में खुलासा किया कि, ‘सरफराज अब नहीं खेलेंगे। हमारा क्रिकेट जगत काफी छोटा है और हमें सब चीजों के बारे में पता चल जाता है। एक क्रिकेटर जो हमारे साथ कई प्रोग्राम कर चुका है उन्होंने रिजवान के बारे में कहा था कि, ‘रिजवान ने सरफराज के लिए बोला था कि अब मैं उन्हें कभी नहीं वापस आने दूंगा।’ ऐसा इसलिए क्योंकि जब सरफराज पाकिस्तान टीम से खेलते थे वो रिजवान को नहीं खेलने देते थे, इसलिए अब इसका विपरीत हो रहा है। यह मैंने सुना था लेकिन मैं गलत भी हो सकता हूं।’
पहले टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दी मात
बता दें, पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 7 मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है जिसमें रिजवान भी टीम की ओर से खेल रहे हैं। पहले टी-20 मुकाबले की बात की जाए तो बेहतरीन शुरुआत मिलने के बावजूद मेजबान टीम इंग्लैंड से 6 विकेट से हार गई।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। टीम की ओर से मोहम्मद रिजवान ने सर्वाधिक 46 गेंदों में 68 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े। जवाब में एलेक्स हेल्स के 40 गेंदों में 53 रन की बदौलत इंग्लैंड ने इस मैच को 4 गेंदें रहते जीत लिया। दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला आज यानी 22 सितंबर को कराची में खेला जाएगा।