विराट और रोहित की वजह से एक क्रिकेट फैन ने अपने ही दोस्त की कर दी हत्या
टीम इंडिया इस वक्त ऑस्ट्रेलिया में आगामी टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही है।
अद्यतन - अक्टूबर 14, 2022 12:34 अपराह्न

तमिलनाडु के अरियालुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एक क्रिकेट फैन ने अपने पसंदीदा क्रिकेटरों की आलोचना करने वाले अपने दोस्त की हत्या कर दी। यह घटना गुरुवार को हुई, जब आरोपी और मृतक, जो अच्छे दोस्त भी थे, शराब पीने के लिए बाहर जा रहे थे। दोनों के बीच अपने पसंदीदा क्रिकेटर को लेकर तीखी नोकझोंक हुई और दोनों के बीच बहस इस हद तक बढ़ गई कि, उनमें से एक ने दूसरे की हत्या कर दी।
मृतक ने विराट कोहली और रोहित शर्मा की जमकर आलोचना की थी और यह उसके दोस्त को पसंद नहीं आई और दोनों में मारपीट हो गई। कथित तौर पर आरोपी ने शराब के नशे में अपने दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी क्योंकि वह अपने पसंदीदा क्रिकेट खिलाड़ियों आलोचना नहीं सुन पाया। अब पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इससे जुड़े पोस्टों की भरमार हो गई और इस चौंकाने वाली खबर को सुनकर यूजर्स भी हैरान रह गए। इसमें कोई दोराय नहीं है कि भारत में क्रिकेट को किसी धर्म से कम नहीं माना जाता है और इस खेल को एक त्योहार की तरह मनाया जाता है।
ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही है भारतीय टीम
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम वर्तमान में आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया में है। भारत ने हाल ही में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेले। वहां टीम इंडिया को पहले मैच में जीत मिली, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्हें 36 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत अब 23 अक्टूबर को अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगा।
भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज जीत के साथ उतरने वाली है। हालांकि अपने खिलाड़ियों के फॉर्म और चोटों पर चिंताओं के बीच भारत इस वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ T20I ट्राई-सीरीज जीतने के बाद इस टूर्नामेंट में उतरेगी।