साथी खिलाड़ी को थप्पड़ मारने के बाद हैरिस रउफ के ऊपर मैच रेफरी ने की बड़ी कार्रवाई
PSL- 2022 का सीजन मैदान के अंदर और बाहर विवादों के कारण सुर्खियों में रहा है।
अद्यतन - Feb 22, 2022 4:45 pm

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2022 के आखिरी लीग-स्टेज मैच में एक विवाद ने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया, जब तेज गेंदबाज हैरिस रउफ ने अपनी टीम के साथी कामरान गुलाम को उनकी गेंदबाजी पर कैच छोड़ने के लिए थप्पड़ मारा। इस मैच में काफी उतार-चढाव देखने को मिला, जिस वजह से दोनों ही टीमों का माहौल काफी गर्म था।
रउफ ने खेल के दूसरे ही ओवर में हजरतुल्लाह जजई को आउट करने का मौका बनाया। हालांकि, ऑलराउंडर कामरान गुलाम तेज गेंदबाज को जरूरी सहयोग नहीं दे सके और कैच छोड़ दिया। तीन गेंदों के बाद, रउफ ने जजई के सलामी जोड़ीदार मोहम्मद हारिस को आउट किया और जाहिर तौर पर यह विकेट लेने के बाद वो काफी उत्साहित दिखे।
विकेट मिलने के बाद टीम के सभी साथी हैरिस रउफ को बधाई देने के लिए पहुंचे उनमें से एक कामरान गुलाम भी थे। जब गुलाम ने उन्हें बधाई दिया तो बदले में रउफ ने उन्हें एक थप्पड़ जड़ दिया और उसके बाद से ही वो इस थप्पड़ के कारण काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं।
Wreck-it-Rauf gets Haris! #HBLPSL7 l #LevelHai l #LQvPZ pic.twitter.com/wwczV5GliZ
— PakistanSuperLeague (@thePSLt20) February 21, 2022
मैच रेफरी अली नकवी ने हैरिस रउफ को दी कड़ी चेतावनी
उनकी हरकतों ने फैंस को भी विभाजित कर दिया। जहां कई प्रशंसकों ने उनकी ओवर-द-टॉप प्रतिक्रिया के लिए तेज गेंदबाज को लताड़ा, वहीं कई लोगों ने माना कि उन्होंने ये हरकत जानबूझकर नहीं की थीं। इस बीच, क्रिकेट पाकिस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार, खेल के समापन के बाद, रऊफ को मैच रेफरी अली नकवी ने बुलाया था।
लाहौर कलंदर्स के लिए अच्छी बात ये रही कि, रउफ के खिलाफ कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। विशेष रूप से, बाद में खेल में, रऊफ और गुलाम को गले मिलते देखा गया था और यह बताता है कि दोनों के बीच कोई गंभीर मामला नहीं है। इस बीच, मोहम्मद हारिस खेल में रउफ के एकमात्र शिकार थे और उन्होंने चार ओवरों के अपने कोटे में 36 रन दिए।
पेशावर जाल्मी ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में 158/7 का स्कोर बनाया। मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए, कलंदर्स 94/6 पर सिमटने के बाद पूरी तरह से मैच से बाहर दिखे। हालांकि, कप्तान शाहीन अफरीदी की आतिशी पारी ने टीम को वापस मैच में ला दिया। उन्होंने 20 गेंदों में नाबाद 39 रनों की पारी खेली। हालांकि पेशावर की टीम ने अंततः सुपर ओवर में खेल जीत लिया।