ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, दो प्लेयर हुए चोटिल
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 21 फरवरी से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है।
अद्यतन - फरवरी 18, 2024 1:44 अपराह्न

चोटों से जूझ रही न्यूजीलैंड की टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के दो स्टार प्लेयर मैट हेनरी और टिम सीफर्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। हेनरी को दक्षिण अफ्रीका सीरीज के बाद कूल्हे में दर्द का सामना करना पड़ा है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए तैयार होने के लिए उन्हें थोड़े समय के आराम की आवश्यकता है।
वहीं, टिम साइफर्ट को सप्ताह की शुरुआत में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के लिए ट्रेनिंग के दौरान चोट लगने के कारण स्क्वाड से हटा दिया गया है। सीफर्ट हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज के दौरान खेलते नजर आये थे। इन दोनों की रिप्लेसमेंट के रूप में बेन सियर्स और विल यंग को मौका मिला है।
न्यूजीलैंड के हेड कोच गैरी स्टीड ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी महत्वपूर्ण सीरीज और आयोजनों से पहले तेजी से सुधार करेंगे। उन्होंने कहा, मैट का निराश होना स्वाभाविक है, लेकिन T20I के लिए ब्रेक यह सुनिश्चित करेगा कि वह पूरी तरह से फिट है और इस महीने के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट के लिए तैयार है।
हम टिम के लिए निराश हैं जिन्होंने हाल की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है और वह स्क्वाड का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हमें उम्मीद है कि वह टीम के लिए T20I क्रिकेट के महत्वपूर्ण दौर से पहले तेजी से ठीक हो जाएंगे। बुधवार को स्काई स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच से पहले न्यूजीलैंड टी20 टीम रविवार और सोमवार को वेलिंगटन में एकत्रित होगी। दूसरा और तीसरा टी20 मैच क्रमशः 23 और 25 फरवरी को ईडन पार्क, ऑकलैंड में होगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का अपडेटेड स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, ट्रेंट बोल्ट (अंतिम दो मैचों के लिए ), मार्क चैपमैन, जोश क्लार्कसन, डेवन कॉनवे (विकेटकीपर), लोकी फर्ग्यूसन, बेन सियर्स, एडम मिल्ने, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, विल यंग, ईश सोढ़ी, टिम साउदी (पहले मैच के लिए)।