पता नहीं कुलदीप और चहल से मैथ्यू हेडन को क्या दिक्कत है! वर्ल्ड कप से पहले दोनों को…..
एशिया कप 2023 के लिए टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं युजवेंद्र चहल।
अद्यतन - अगस्त 27, 2023 12:25 अपराह्न

सभी क्रिकेट फैंस वनडे वर्ल्ड कप 2023 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसकी मेजबानी पहली बार विशेष रूप से भारत द्वारा की जा रही है। 10 टीमों का ये टूर्नामेंट 5 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गत चैंपियन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले के साथ शुरू होगा। टीमें इस मेगा इवेंट से पहले अपनी तैयारियों में व्यस्त हैं।
इस बीच वर्ल्ड कप से पहले हर क्रिकेट फैन और एक्सपर्ट्स टीम इंडिया को लेकर अपनी राय दे रहे हैं। इसी क्रम में, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडन ने अपने विचार साझा किए और भारत की 15 सदस्यीय वर्ल्ड कप टीम का चयन किया। दो बार के वर्ल्ड कप विजेता हेडन ने वर्ल्ड कप के आगामी संस्करण के लिए भारतीय टीम की भविष्यवाणी की और दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने रिस्ट स्पिनर युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव को बाहर कर दिया।
कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को हेडन ने किया टीम से बाहर
जहां चहल वर्ल्ड कप से पहले होने वाले एशिया कप के लिए टीम में जगह बनाने में असफल रहे, वहीं कैरेबियाई दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद कुलदीप को टीम में चुना गया। विश्व कप के लिए हेडन की अनुमानित टीम में दोनों रिस्ट स्पिनर्स को बाहर रखा गया। ऑलराउंडर रवींद्र जड़ेजा और अक्षर पटेल उनकी टीम में सिर्फ दो स्पिनर थे।
हेडन ने अपनी टीम में तीन विकेटकीपर इशान किशन, संजू सैमसन और केएल राहुल को रखा। रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव को स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में चुना। 15 सदस्यीय टीम में उन्होंने तेज़ गेंदबाज के रूप में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर शामिल हैं। वनडे उप-कप्तान हार्दिक पांड्या को सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में नामित किया गया था। ‘मेन इन ब्लू’ अपना वर्ल्ड कप अभियान 8 अक्टूबर को शुरू करेगा जब वे चेन्नई में पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेंगे।
मैथ्यू हेडन की 15 सदस्यीय भारतीय टीम वर्ल्ड कप 2023 के लिए – रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जड़ेजा, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, इशान किशन और अक्षर पटेल।