क्या आप जानते हैं मयंक अग्रवाल ने IPL में बतौर कप्तान अपने डेब्यू मैच में खेली थी 99 रनों की नाबाद पारी
मयंक अग्रवाल ने आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बतौर कप्तान 99 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली थी।
अद्यतन - Mar 24, 2022 4:19 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें सीजन की शुरुआत एक दिन बाद होने वाली है। इस सीजन में कई टीमें अपने नए कप्तानों के साथ मैदान में उतरेगी। उनमें से एक नाम पंजाब किंग्स (PBKS) का भी है जो अपने नए युवा कप्तान के साथ खेलेगी। टीम के पूर्व कप्तान केएल राहुल ने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला लिया था और अब वह इस सीजन की नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का नेतृत्व करते नजर आएंगे।
हालांकि केएल राहुल के बाद फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम के लिए एक शानदार बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को टीम की कमान सौंपी है। IPL 2022 में पंजाब का नेतृत्व दांए हाथ के बल्लेबाज मयंक अग्रवाल करेंगे। हालांकि मयंक अग्रवाल ने IPL 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक मैच में टीम का नेतृत्व किया था। उस मैच में उन्होंने अपनी शानदार पारी से सभी को प्रभावित किया था।
DC के खिलाफ पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 166 रन बनाये थे। जिसमें मयंक अग्रवाल ने बतौर कप्तान टीम के लिए केवल 58 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 99 रनों की शानदार पारी खेली थी लेकिन दुर्भाग्यवश वह अपने शतक से मात्र एक रन से चूक गए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी DC ने इस मैच को 7 विकेट से जीत लिया था।
मयंक अग्रवाल IPL पारी के अंत में 99 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज साबित हुए
मयंक ने पिछले सीजन में बतौर कप्तान अपनी इस शानदार पारी से सभी को आकर्षित किया और वह IPL की एक पारी के आखिर तक 99 रन बनाने के बाद नाबाद रहने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। जिसमें इससे पहले सुरेश रैना ने साल 2013 के सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 99 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं इसके अलावा साल 2019 के सीजन में क्रिस गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ पारी के अंत तक टिके रहने के साथ नाबाद 99 रन बनाए थे।
आपको बता दें कि मयंक अग्रवाल उस शानदार पारी से कप्तानी की शुरुआत में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी साबित हुए। इससे पहले संजू सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ बतौर कप्तान डेब्यू करते हुए 119 रनों की पारी खेली थी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मयंक के नेतृत्व में IPL 2022 में पंजाब की टीम कैसा प्रदर्शन करती है। PBKS इस सीजन का पहला मैच 27 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ खेलेगी।