पूरे सीजन में फ्लॉप रहे मयंक अग्रवाल, आखिरी मैच में बनाए रन तो मैदान पर आया रोना
इस महत्वपूर्ण मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - May 21, 2023 5:16 pm

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 69वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बता दें, मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर उन्हें इस सीजन के प्लेऑफ में क्वालीफाई करना है तो टीम को सनराइजर्स हैदराबाद को मात देनी होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद ने काफी अच्छी शुरुआत की है और वो एक विशाल स्कोर की ओर बढ़ रहे हैं। टीम की ओर से मयंक अग्रवाल ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मुंबई इंडियंस के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया।
बता दें, मयंक अग्रवाल के लिए यह पूरा सीजन काफी निराशाजनक रहा है। वो अपनी टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं और इसी वजह से उनको कुछ मुकाबलों से बाहर भी कर दिया गया था। हालांकि उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 46 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 83 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। यही नहीं मयंक अग्रवाल ने युवा खिलाड़ी विवरांत शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 140 रनों की शानदार साझेदारी की।
हालांकि जैसे ही मयंक अग्रवाल ने अपना अर्धशतक पूरा किया वो खुशी से झूम उठे और साथ ही उनके आंखों से आंसू निकलते हुए देखे गए। यह खुशी के आंसू थे क्योंकि यह पूरा सीजन उनके लिए काफी निराशाजनक रहा था।
An emotional celebration from Mayank Agarwal after his first fifty of the season.
📸: Jio Cinema pic.twitter.com/1V2aBEvFFi
— CricTracker (@Cricketracker) May 21, 2023
मुंबई इंडियंस को यह मैच जीतना बेहद जरूरी
बता दें, यह दोनों टीमों का आखिरी लीग मुकाबला है। सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरह से बाहर हो चुके हैं लेकिन मुंबई इंडियंस अभी इस दौड़ में बने हुए हैं। इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अंक तालिका में मुंबई इंडियंस 6वें पायदान पर हैं। उन्होंने अभी तक 13 मुकाबलों में 7 में जीत दर्ज की है जबकि 6 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
उनके इस समय 14 अंक है। इस सीजन के प्लेऑफ में अभी तक गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स क्वालीफाई कर चुके हैं। अब मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स के बीच कोई एक ही टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है।