रिकी पोंटिंग ने की सूर्यकुमार यादव की तारीफ तो सलमान बट को लगी मिर्ची
रिकी पोंटिंग ने कहा था कि सुर्याकुमार यादव की 360 स्टाइल में बल्लेबाजी उन्हें डिविलियर्स की याद दिलाती है।
अद्यतन - Aug 17, 2022 4:24 pm

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट का मानना है कि रिकी पोंटिंग का भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की तुलना पूर्व अफ्रीकी क्रिकेटर एबी डिविलियर्स से करना गलत था। यादव, जो वर्तमान में ICC T20I रैंकिंग में बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर हैं, उनको पोंटिंग से प्रशंसा के अलावा कुछ नहीं मिला। हाल ही में उन्होंने कहा था कि सूर्यकुमार यादव की 360-डिग्री बल्लेबाजी शैली उनको डिविलियर्स की याद दिलाती है।
लेकिन सलमान बट पोंटिंग के बयान से असहमत थे क्योंकि उनका मानना है कि डिविलियर्स की प्रतिभा की बराबरी कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं कर सकता। यादव व्हाइट बॉल प्रारूप में काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। टी-20 क्रिकेट में उनके आंकड़े ही सब कुछ बयां करते हैं। पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए, उन्होंने एक शानदार शतक बनाया था, वहीं हाल ही में समाप्त हुई वेस्टइंडीज सीरीज में उन्होंने अच्छी बल्लेबजी की थी।
सूर्या को लेकर पोंटिंग के बयान पर सलमान बट ने किया पलटवार
पोंटिंग के उस बयान को सुनने के बाद सलमान बट ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बट्ट ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “जिस तरह का क्रिकेट एबी डिविलियर्स ने खेला, मुझे लगता है कि हाल के इतिहास में भी उनके जैसा कोई नहीं खेला है. उनका जिस तरह का प्रभाव था, विपक्षी टीमों को पता था कि अगर आप उन्हें आउट नहीं कर सकते तो आप मैच नहीं जीत सकते।
रूट हैं, विलियमसन, कोहली भी दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज रहे हैं और उन्होंने कुछ अविश्वसनीय पारी खेली है। रोहित शर्मा ने अपने दिन वनडे मैचों में 250 रन बनाए हैं। ऐसा लग रहा है कि शायद पोंटिंग ज्यादा थके हुए थे।”
सूर्यकुमार यादव का अगला बड़ा टूर्नामेंट एशिया कप है जो 27 अगस्त से शुरू होगा। भारत का पहला मैच 28 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होगा। इस बीच सभी को उम्मीद है कि वो उस मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। बट का मानना है कि, यह तुलना करने से पहले पोंटिंग को प्रमुख टूर्नामेंटों में सूर्य कुमार यादव के प्रदर्शन का इंतजार करना चाहिए थे।
बट्ट ने आगे कहा कि, “सूर्या ने अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया है। उनके पास प्रतिभा है और अच्छा गेम है. लेकिन उनकी तुलना सीधे एबी डिविलियर्स से करें? पोंटिंग को थोड़ा और इंतजार करना चाहिए था। उन्हें अभी बड़े टूर्नामेंट में खेलना है। बात ये है कि एबी डिविलियर्स जैसा कोई खिलाड़ी नहीं है। आप शायद उनकी तुलना विव रिचर्ड्स से कर सकते हैं।”