WPL 2025: RCB ने बिगाड़ा मुंबई का खेल, दिल्ली कैपिटल्स को डायरेक्ट मिली फाइनल में एंट्री
दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार तीसरी बार महिला प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल में डायरेक्ट एंट्री की है।
अद्यतन - Mar 12, 2025 11:53 am

WPL 2025 Updated Points Table: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 का लीग स्टेज समाप्त हो चुका है। मेग लैनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) लगातार तीसरी बार डब्ल्यूपीएल के फाइनल में पहुंची है। डीसी ने पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने के बाद फाइनल में जगह बनाई, जो 15 मार्च को खेला जाएगा। दिल्ली ने आठ मैचों में से पांच जीतकर 10 अंक जुटाए, जबकि उसे तीन मैचों में हार मिली। वहीं हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस (एमआई) के खाते में भी 10 अंक हैं, लेकिन वह दूसरे स्थान पर रही। दरअसल, मुंबई (+0.192) से डीसी का नेट रनरेट (+0.396) थोड़ा बेहतर है।
मुकाबले की बात करें तो 11 मार्च को तीसरा सीजन का अंतिम लीग मैच यानी 20वां मुकाबला मुंबई और आरसीबी के बीच खेला गया। आरसीबी ने इस मुकाबले में एमआई को 11 रनों से हराया। अगर एमआई यह मैच जीत जाती तो डायरेक्ट फाइनल के लिए क्वालिफाई करती।
मुंबई अब 13 मार्च को गुजरात जायंट्स (जीटी) से एलिमिनेटर मैच में टकराएगी। जो भी टीम एलिमिनेटर जीतेगी, वह फाइनल में डीसी से भिड़ेगी। आरसीबी पॉइंट्स टेबल में चौथे और यूपी वारियर्स पांचवें पायदान पर रही। दोनों ने तीन-तीन मैच जीते और 6 अंक बटोरे। बता दें कि आरसीबी ने पिछले साल डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी जीती थी।
MI vs RCB: मैच का हाल
इससे पहले, आरसीबी ने कप्तान स्मृति मंधाना और एलिस पैरी के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत तीन विकेट पर 199 रन जुटाए। स्मृति ने 37 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों से 53 रन की पारी खेलने के अलावा पैरी (नाबाद 49, 38 गेंद, पांच चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी भी की। ऋचा घोष ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि जॉर्जिया वेयरहैम ने 10 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के से नाबाद 31 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 रन के करीब पहुंचाया। मुंबई की ओर से हेली मैथ्यूज सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 37 रन देकर दो विकेट चटकाए। अमेलिया केर ने 47 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद स्मृति और साबिनेनी मेघना (26) ने पहले विकेट के लिए 3.4 ओवर में 41 रन जोड़कर आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई। स्मृति ने पारुनिका पर लगातार दो चौकों के साथ 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। स्मृति और पैरी को 12वें ओवर में जीवनदान मिला। हालांकि, स्मृति इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर शबनिम को कैच दे बैठीं। ऋचा ने 17वें ओवर में शबनिम के खिलाफ दो चौके और एक छक्का लगाए लेकिन अगले ओवर में मैथ्यूज की गेंद पर नैट स्किवर ब्रंट को कैच थमा दिया। उन्होंने पैरी के साथ 53 रन की पार्टनरशिप की। इसके बाद, जॉर्जिया ने तूफानी तेवर दिखाए।