ऐसा लग ही नहीं रहा था कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज जीतना चाहती है: पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में मेजबान की प्लेइंग XI को लेकर पूर्व खिलाड़ी ने अपना पक्ष रखा
तीन मैच की वनडे सीरीज को पाकिस्तान ने 2-1 से अपने नाम किया है।
अद्यतन - नवम्बर 11, 2024 1:33 अपराह्न

पूर्व खिलाड़ी माइकल क्लार्क ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI पर सवाल उठाए हैं। माइकल क्लार्क इस चीज को देखकर काफी हैरान है कि आखिर क्यों ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में अपने स्टार खिलाड़ियों को आराम दिया।
बता दें कि, इन दोनों टीमों के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क को आराम दिया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और पाकिस्तान ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया। यही नहीं पाकिस्तान ने 22 साल में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को उनके घर में हराया है।
बिग स्पोर्ट्स ब्रेकफास्ट पर बात करते हुए माइकल क्लार्क ने कहा कि, ‘मैं थोड़ा हैरान हूं। टीम इंडिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में जो पर्थ में खेला जाना है उसमें सिर्फ 11 दिन बचे हैं और ऑस्ट्रेलिया टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे की प्लेइंग XI में काफी बदलाव किए। अगर ऑस्ट्रेलिया ने पहले 2 मैच जीते होते तो यह समझना जरूरी था कि बड़े खिलाड़ियों को तीसरे मैच में आराम देना चाहिए। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के लिए इस सीरीज को जीतना बेहद जरूरी था और मुझे लगता है कि उन्हें इससे कोई भी मतलब नहीं था।’
टीम मैनेजमेंट पर माइकल क्लार्क ने उठाए सवाल
माइकल क्लार्क ने आगे कहा कि, ‘अगर आप इसको हल्के में लेंगे तो बहुत ही बुरी बात है। वनडे क्रिकेट को देखने के लिए फैंस बहुत ही कम स्टेडियम आ रहे हैं और आपको यह बताना उनको बेहद जरूरी है कि यह फॉर्मेट अभी भी शानदार है और उन्हें ज्यादा से ज्यादा संख्या में मैच देखने स्टेडियम में आना चाहिए।’
तीन मैच की वनडे सीरीज को पाकिस्तान ने 2-1 से अपने नाम किया है। अब इन दोनों टीमों के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज की शुरुआत 14 नवंबर से ब्रिस्बेन में होने जा रही है। भले ही मेजबान वनडे सीरीज को अपने नाम ना कर पाई हो लेकिन टी20 सीरीज को टीम जरूर जीतना चाहेगी।
तीसरे वनडे मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 140 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिले लक्ष्य को दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।