CSK से अलग होने के बाद, ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़े माइक हसी, इन भूमिकाओं में आएंगे नजर
सीएसके से करीब 8 साल काम करने के बाद अलग हुए हसी
अद्यतन - नवम्बर 6, 2026 10:46 पूर्वाह्न

आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खिलाड़ी और बतौर बल्लेबाजी कोच 8 साल काम करने के बाद, पूर्व दिग्गज बल्लेबाज व मिस्टर क्रिकेट कहे जाने वाले माइक हसी (Mike Hussey) ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम से अलग-अलग भूमिकाओं में जुड़ गए हैं।
टीम से जुड़ने के बाद माइक हसी ऑस्ट्रेलिया के आगामी कैलेंडर के दो सबसे बड़े असाइनमेंट के लिए उनके कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे। उन्हें 2027 एशेज और ICC मैंस क्रिकेट विश्व कप के लिए कंसल्टेंट कोच नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, 2028 LA ओलंपिक और 2028 ICC पुरुष T20 विश्व कप की तैयारी के पूरे दौर में, वे टीम के T20 सलाहकार के रूप में भी काम करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के साथ हसी का काम इसी महीने के आखिर में शुरू होगा, जब ऑस्ट्रेलिया घरेलू धरती पर इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज खेलेगा। हसी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारियों में भी टीम की मदद करेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि T20 में हसी की भूमिका काफी बड़ी है, जिसमें “कैंपेन की रणनीति, विरोधी टीमों की जानकारी, खिलाड़ियों की खोज (स्काउटिंग) और उनके प्रदर्शन” जैसे कई पहलू शामिल हैं।
माइक हसी की प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से दोबारा जुड़ने पर माइक हसी ने एक आधिकारिक बयान में कहा “आने वाले वर्षों में एक अधिक औपचारिक और महत्वपूर्ण भूमिका के साथ इस टीम का हिस्सा बनने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। हाल के समय में इस टीम ने बहुत कुछ हासिल किया है। मुझे उम्मीद है कि आगे आने वाले रोमांचक और चुनौतीपूर्ण दौर में, मैं कोचिंग और खिलाड़ियों के समूह के लिए कुछ मूल्यवान योगदान दे सकूंगा।”
ऑस्ट्रेलिया टीम के नेशनल जनरल मैनेजर बेन ओलिवर ने माइक बसी की नियुक्ति पर क्रिकबज के हवाले से कहा, “अगले 12 महीनों में टेस्ट क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए, माइक इस दौरान T20 के लिए अतिरिक्त सहयोग देने के लिए टीम प्रबंधन, कोचों और चयनकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।”
ये भी पढ़ें – 6 नवंबर, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से