World Cup 2023: अपने बर्थडे पर मिचेल मार्श ने खोले पाक गेंदबाजों के धागे, जड़ा शानदार शतक
मिचेल मार्श ने अपने जन्मदिन पर लगाया शानदार शतक।
अद्यतन - अक्टूबर 20, 2023 4:41 अपराह्न

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 का 18वां मैच ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो अभी तक सही साबित होता हुआ नहीं दिखा है। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाजों ने इस मैच में अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के दोनों सलामी बल्लेबाज अपना शतक पूरा कर चुके हैं। सबसे पहले डेविड वॉर्नर ने अपना शतक पूरा किया उसके बाद उनके दूसरे सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श जिनका आज जन्मदिन है उन्होंने भी अपना शतक पूरा किया।
मार्श ने 99 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस वर्ल्ड कप में मिचेल मार्श की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही थी शुरुआती दो मैचों में वो बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। लेकिन उसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की। इस मैच में वो 121 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।
यहां देखिए मिचेल मार्श के शतक का वो वीडियो
इस मैच की बात करें तो अच्छी शुरुआत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लगातार दो गेंदों में मिचेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल के विकेट गंवा दिए। मार्श के बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए ग्लेन मैक्सवेल इस मैच में बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर आउट हो गए। खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलियाई टीम 35 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 264 रन बना चुकी है। अब यहां से ये देखना दिलचस्प होगा कि कंगारू टीम 50 ओवर में कितना स्कोर बना पाती है।
बता दें, अभी तक पाकिस्तान ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में तीन मैच खेले हैं जिसमें से दो में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया की बात की जाए तो उन्होंने तीन मुकाबलों में एक में जीत दर्ज किया जबकि 2 में टीम को हार झेलनी पड़ी है। अगर ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है तो उन्हें अब यहां से सभी मैच अपने जीतने होंगे। अब देखना है कि कौनसी टीम इस मैच को अपने नाम करती है?