IND v AUS: अक्षर पटेल अपना शतक कर सके पूरा इसलिए मोहम्मद सिराज ने अपनी जान जोखिम में डाल दी थी! - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND v AUS: अक्षर पटेल अपना शतक कर सके पूरा इसलिए मोहम्मद सिराज ने अपनी जान जोखिम में डाल दी थी!

अक्षर पटेल 16 रन से अपने शतक से चूक गए और 84 रन पर आउट हो गए।

Mohammad Siraj (Pic Source-Twitter)
Mohammad Siraj (Pic Source-Twitter)

भारतीय टीम ने पहले टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 400 रन बनाए और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ऊपर 223 रन की लीड ले ली है। खेल के तीसरे दिन दोनों टीमों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। रोहित शर्मा के शतक के बाद रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को मजबूत स्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया है।

जहां एक तरफ जडेजा ने पहली पारी में 185 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 70 रन बनाए वहीं अक्षर पटेल 16 रन से अपने शतक से चूक गए और 84 रन पर आउट हो गए। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 1 छक्का जड़ा। पटेल को इस बात का काफी दुख हुआ कि वो इस मैच में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टेस्ट शतक नहीं जड़ पाए। बता दें, जब भारतीय खिलाड़ी 82 रन पर थे तब मोहम्मद सिराज ने बेहतरीन डाइव लगाकर अपना विकेट बचाया।

उस समय भारत का आखिरी विकेट बचा था और पटेल को अपना शतक पूरा करने के लिए 18 रन की दरकार थी। मोहम्मद सिराज के इस डाइव की कई लोगों ने जमकर प्रशंसा की।

डेब्युटेंट टॉड मर्फी ने एक ही पारी में झटके 7 विकेट

बता दें, नागपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को 177 रन पर ऑलआउट किया। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने पहली पारी में 5 विकेट झटके जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 3 विकेट हासिल किए।

इसके बाद भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 212 गेंदों में 15 चौके और दो छक्कों की मदद से 120 रन की पारी खेली। उनके अलावा मोहम्मद शमी ने 43 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 37 रन का अहम योगदान दिया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ऊपर 223 रन की लीड चढ़ा दी है अब देखते हैं कंगारू टीम अपनी दूसरी पारी में कैसी बल्लेबाजी करती है।

close whatsapp