BCCI जबाव दे कि मोहम्मद शमी को न्यूजीलैंड दौरे के लिए क्यों नहीं चुना गया: मोहम्मद कैफ
न्यूजीलैंड के खिलाफ शमी का रिकॉर्ड याद दिलाकर कैफ ने की पैरवी
अद्यतन - अक्टूबर 19, 2026 7:03 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं। कैफ का मानना है कि शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें भारतीय टीम में मौका नहीं मिल रहा है।
ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को इसकी वजह साफ करनी चाहिए। दरअसल, न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित टी20, वनडे और टेस्ट तीनों टीमों में शमी का नाम शामिल नहीं है। हालांकि, बीसीसीआई ने अब तक उन्हें बाहर रखने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है।
मोहम्मद कैफ ने चयनकर्ताओं पर उठाए सवाल
क्रिकबज से बातचीत के दौरान मोहम्मद कैफ ने कहा कि टीम चयन में पारदर्शिता होनी चाहिए। अगर शमी को नहीं चुना जा रहा है, तो चयनकर्ताओं को इसका कारण बताना चाहिए। कैफ ने जसप्रीत बुमराह का उदाहरण देते हुए कहा कि बुमराह भी छोटे स्पेल में गेंदबाजी करते हैं और उन्हें आराम दिया जाता है। ऐसे में शमी को इसी वजह से बाहर रखना सही नहीं लगता।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रहा शमी का प्रदर्शन
मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में बंगाल की ओर से खेलते हुए 7 मुकाबलों में 37 विकेट हासिल किए थे। इस दौरान उन्होंने तीन बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।
इसके अलावा अक्टूबर 2026 में सर्विसेज के खिलाफ रणजी मुकाबले की पहली पारी में भी उन्होंने पांच विकेट लिए थे। इसके बावजूद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं।
इस बीच, कैफ ने शमी के न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रदर्शन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के बल्लेबाज शमी का सामना नहीं करना चाहेंगे। शमी ने 2023 वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी। खासकर सेमीफाइनल में उनका प्रदर्शन भारत की जीत में अहम रहा था।
बता दें कि शमी ने भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। वहीं, न्यूजीलैंड दौरे के लिए भुवनेश्वर कुमार को करीब चार साल बाद टी20 टीम में जगह मिली है, जबकि शमी को मौका नहीं दिया गया। ऐसे में उनके सेलेक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा देखने को मिल रही है।
ये भी पढ़ें – BCCI सिलेक्शन कमिटी में रमेश पवार ने ली अजीत अगरकर की जगह, प्रज्ञान ओझा बने नए चेयरमैन