टी-20 वर्ल्ड कप में आखिर क्यों मोहम्मद शमी निभा सकते हैं भारतीय टीम के लिए अहम भूमिका बताया सुरेश रैना ने - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप में आखिर क्यों मोहम्मद शमी निभा सकते हैं भारतीय टीम के लिए अहम भूमिका बताया सुरेश रैना ने

हमारे देश के सभी लोग यही दुआ कर रहे हैं और मैं भी यही चाहता हूं कि यह वर्ल्ड कप हम लोग जीतें: सुरेश रैना

suresh raina and mohd. shami (pic source-twitter)
suresh raina and mohd. shami (pic source-twitter)

भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल होने की वजह से टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए थे जिसके चलते उनकी जगह मोहम्मद शमी को 15 सदस्यीय दल में शामिल किया गया। शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले आधिकारिक अभ्यास मुकाबले में जबरदस्त गेंदबाज़ी की। भले ही उन्होंने इस मैच में मात्र 1 ओवर फेंका हो लेकिन इसी ओवर में उन्होंने मात्र 4 रन देकर 3 विकेट झटके।

बता दें, मोहम्मद शमी ने काफी लंबे समय के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की और उनकी यह वापसी काफी धमाकेदार रही। तमाम भारतीय प्रशंसक यही दुआ कर रहे होंगे कि शमी टी-20 वर्ल्ड कप के मुख्य मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन करें और भारतीय टीम को जीत दिलाए। इसी को लेकर टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना ने अपना बयान सामने रखा है। रैना का मानना है कि शमी इस टूर्नामेंट में टीम के एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं।

NDTV के साथ एक इंटरव्यू में सुरेश रैना ने कहा कि, ‘टीम इस समय काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। शमी ने बुमराह की जगह ले ली है और वो टीम में एक्स फैक्टर साबित होंगे। हमारे पास अर्शदीप सिंह और सूर्यकुमार यादव भी हैं। सभी अच्छे फॉर्म में हैं, विराट कोहली भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

रोहित शर्मा बहुत ही शानदार कप्तान है और अगर हम पहला मैच जीत जाते हैं तो इससे हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। हमारे देश के सभी लोग यही दुआ कर रहे हैं और मैं भी यही चाहता हूं कि यह वर्ल्ड कप हम लोग जीतें। टीम को मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं।’

BCCI ने टीम को टूर्नामेंट के शुरू होने से 15 दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया भेजकर काफी अच्छा काम किया है: सुरेश रैना

बता दें, पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर दक्षिण अफ्रीका को भारतीय टीम ने तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 2-1 से मात दी और उसके बाद वो इस मुख्य टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गई। टीम ऑस्ट्रेलिया 5 या 6 अक्टूबर को ही पहुंच गई थी और उन्होंने यहां पर जमकर अभ्यास किया। यह एक तरह से काफी लाभदायक रहा क्योंकि उन्हें अब यहां की परिस्थितियों के बारे में काफी अच्छी तरह से पता चल चुका है। सुरेश रैना ने भी इसी को लेकर BCCI की जमकर तारीफ की।

सुरेश रैना ने कहा कि, ‘BCCI ने टीम को टूर्नामेंट के शुरू होने से 15 दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया भेजकर काफी अच्छा काम किया। यहां पर मैदान काफी बड़े हैं और मुझे लगता है कि तैयारी काफी अच्छी तरह से चल रही है। हमें बिना डरे क्रिकेट खेलना होगा और अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’

close whatsapp