कोविड पॉजिटिव होने के बाद मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया सीरीज से हुए बाहर
रिपोर्ट के मुताबिक वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे।
अद्यतन - Sep 18, 2022 9:44 am

भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 सितंबर से शुरू होने वाली घरेलू T20I सीरीजसे पहले एक बड़ा झटका लगा है। भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं और इस वजह से वो ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर हो गए हैं। अब यह देखना होगा कि क्या शमी दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए टीम में वापसी कर पाते हैं या नहीं?
भारत ऑस्ट्रेलिया सीरीज का पहला टी-20 मैच 20 सितंबर को मोहाली में खेला जाएगा जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टी-20 मैच 28 सितंबर को केरल में खेला जाएगा। शमी की बात करें तो, उन्होंने आखिरी बार पिछले साल के टी-20 विश्व कप के दौरान भारत के लिए T20I मैच खेला था।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, शमी पहले टी-20 मैच के लिए मोहाली तक नहीं पहुंचे हैं। वहीं आगामी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में उनकी उपलब्धता पर फैसला कोविड से उबरने के बाद लिया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज कादूसरा मैच 23 सितंबर को नागपुर में होगा। वहीं तीसरे और अंतिम मैच में टीम हैदराबाद में 25 सितंबर को मेजबान टीम से भिड़ेगी।
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टी-20 मैच क्रमश: 28 सितंबर, 2 अक्टूबर और 4 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और इंदौर में खेले जाएंगे।
शमी को भारत की 15 सदस्यीय टी-20 विश्व कप टीम में भी शामिल नहीं किया गया है और उन्हें चार स्टैंडबाय में जगह मिली है। हालांकि हालिया रिपोर्ट्स में यह बताया गया है कि सभी स्टैंडबाय खिलाड़ी भी टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया ट्रैवल करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारत की टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर. अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।