मोहम्मद सिराज हैं टीम के असली लीडर, वसीम अकरम ने की ओवल के हीरो की जमकर तारीफ
वसीम अकरम ने तारीफ करते हुए कहा आखिरी टेस्ट के अंतिम दिन उसी धार के साथ गेंदबाजी करना, उनके स्टैमिना और मानसिकता को दर्शाता है, आइए आपको इस खबर के बारे में विस्तार से बताते हैं
अद्यतन - अगस्त 10, 2025 7:10 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने ओवल टेस्ट मैच के हीरो मोहम्मद सिराज की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सिराज अब टीम के केवल सहायक गेंदबाज नहीं रह गए हैं। सिराज ने सीरीज के आखिरी मुकाबले में 9 विकेट झटके, जिसमें एक पंजा शामिल है, और उन्हीं की ऐसी तेज तर्रार गेंदबाजी की वजह से भारत ने 6 रनों से मैच जीता और सीरीज को 2-2 से बराबर किया।
31 वर्षीय सिराज ने टीम के गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी तब उठाई, जब जसप्रीत बुमराह ने केवल 3 मैच खेले थे। सिराज ने पूरी सीरीज खेली, जिसमें उन्होंने 23 विकेट झटके और 185 ओवर गेंदबाजी की। अकरम ने सिराज की मानसिकता और क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि सिराज में जबरदस्त मेहनत की भूख है। पांच टेस्ट में लगातार गेंदबाजी करना और उसके बाद भी आखिरी टेस्ट के अंतिम दिन उसी धार के साथ गेंदबाजी करना, उनके स्टैमिना और मानसिकता को दर्शाता है।
सिराज का सीरीज में प्रभाव
ओवल टेस्ट के अंतिम दिन भारत को जीत के लिए चार विकेट चाहिए थे, जबकि इंग्लैंड को सीरीज अपने नाम करने के लिए सिर्फ 35 रन की जरूरत थी। अकरम ने बताया, “मैं आमतौर पर क्रिकेट नहीं देखता जब तक काम नहीं होता, लेकिन उस दिन मैं टीवी से चिपका रहा। टीम को बस पहला विकेट जल्दी चाहिए था। वोक्स की चोट और भारत के जुझारूपन ने खेल का रुख पलट दिया, जिसमें सिराज ने अहम भूमिका निभाई।”
अकरम ने यह भी कहा कि सिराज ने जब चौथे दिन हैरी ब्रूक का कैच छोड़ दिया था, उसके बाद भी उन्होंने अपने ध्यान को बनाए रखा, जो एक सच्चे खिलाड़ी की निशानी है। उन्होंने कहा कि सिराज नेतृत्व कर रहे हैं और दिल से खेल रहे हैं। और ऐसे ही प्रदर्शनों की वजह से टेस्ट क्रिकेट बरकरार है।
अकरम ने भारत द्वारा बुमराह को आखिरी टेस्ट में न खिलाने के फैसले की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि एशिया कप 2025 और टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए बुमराह की फिटनेस बेहद जरूरी है।