जसप्रीत बुमराह दक्षिण अफ्रीका T20I सीरीज से हुए बाहर; मोहम्मद सिराज को किया गया भारत के स्क्वॉड में शामिल
मोहम्मद सिराज आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भी भारत के स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह की जगह ले सकते हैं।
अद्यतन - सितम्बर 30, 2022 9:54 पूर्वाह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 30 सितंबर को पुष्टि की है कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की T20I सीरीज से बाहर हो गए हैं। जिसके बाद बीसीसीआई (BCCI) ने बुमराह के प्रतिस्थापन के रूप में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी T20I सीरीज के शेष दो मैचों के लिए भारत के स्क्वॉड में शामिल किया है।
आपको बता दें, भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला T20I मैच 8 विकेट से जीत लिया है, जबकि शेष दो T20I मैच 2 और 4 अक्टूबर को क्रमशः गुवाहाटी और इंदौर में खेले जाएंगे, जिसके बाद तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
जसप्रीत बुमराह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज से हुए बाहर
बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज में कहा: “अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने मोहम्मद सिराज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शेष दो T20I मैचों के लिए चोटिल जसप्रीत बुमराह के प्रतिस्थापन के रूप में भारतीय टीम में शामिल किया है। बुमराह को पीठ में चोट लगी है और वह फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।”
आपको बता दें, जसप्रीत बुमराह इस साल अगस्त से पीठ की समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसके कारण वह हालिया एशिया कप 2022 से चूक गए थे, लेकिन बेंगलुरु में NCA में अपना रिहैब पूरा करने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज के लिए लौटे थे। हालांकि, वह इस सीरीज में भी पूरे मैच नहीं खेल पाए, और अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज से भी बाहर हो गए हैं।
अगर खबरों की माने तो, भारत के पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले मैच से पहले बुमराह के ठीक होने की संभावनाएं बहुत कम है, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम उम्मीद कर रही है कि वह कुछ मैचों में खेल पाएंगे। हालांकि, खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि मोहम्मद सिराज को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारत के मुख्य स्क्वॉड में शामिल किया जाना है, और अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी T20I सीरीज के लिए तेज गेंदबाज के चयन के बाद इसकी उम्मीदें और बढ़ चुकी हैं।
यहां देखिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड –
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, उमेश यादव, श्रेयस अय्यर, शाहबाज अहमद, मोहम्मद सिराज।