बेंगलुरु से ज्यादा अनंतपुर में दलीप ट्राॅफी मैच देखने के लिए उमड़ी फैंस की भीड़, वायरल हुई फोटोज
अनंतपुर के ग्रामीण विकास ट्रस्ट स्टेडियम में इंडिया सी और इंडिया डी के बीच मैच खेला जा रहा है।
अद्यतन - सितम्बर 6, 2024 6:29 अपराह्न

Duleep Trophy 2024: भारत में क्रिकेट किसी त्यौहार से कम नहीं हैं। फैंस अपने पसंदीदा क्रिकेटरों को भगवान की तरह पूजते हैं। वे अपने पसंदीदा क्रिकेटर्स की एक झलक पाने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार रहते हैं। अब कुछ ऐसा ही नजारा जारी दलीप ट्राॅफी में देखने को मिला है।
बता दें कि जारी दलीप ट्राॅफी का पहला मैच इंडिया ए और इंडिया बी के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में, तो दूसरा मैच अनंतपुर के ग्रामीण विकास ट्रस्ट स्टेडियम में खेला जा रहा है। हालांकि, चिन्नास्वामी स्टेडियम के मुकाबले अनंतपुर में भारी संख्या में फैंस दलीप ट्राॅफी मैच देखने के लिए पहुंचे हैं।
फैंस के अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचने की फोटोज भी काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। भारतीय क्रिकेट में यह कुछ नया नहीं है। इससे पहले भी स्टेडियम में मैच देखने के लिए बेकाबू हुए क्रिकेट फैंस की वीडियो और फोटोज काफी तेजी से इंटरनेट पर वायरल हुई थी।
देखें वायरल फोटोज
THE CROWD IN ANANTPUR FOR DULEEP TROPHY MATCH. 🤯 pic.twitter.com/zF59zZKDJE
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) September 6, 2024
लो स्कोरिंग रहा है अभी तक यह मैच
अनंतपुर में इंडिया सी और इंडिया डी के बीच खेले जा रहे मुकाबले की बात करें तो इंडिया सी ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया डी की पहली पारी सिर्फ 164 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए पहली पारी में अक्षर पटेल ने सर्वाधिक 86 रनों की पारी खेली।
इसके जवाब में इंडिया सी अपनी पहली पारी में सिर्फ 168 रन ही बना पाई। टीम के लिए बाबा इंद्रजीत ने 72 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। फिलहाल खबर लिखे जाने तक इंडिया डी ने दूसरी पारी में 44 ओवरों के बाद पांच विकेट के नुकसान पर 196 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय रिकी भुई 38* और अक्षर पटेल 8* रन बनाकर मौजूद हैं। इंडिया डी ने इंडिया सी पर 192 रनों की बढ़त बना ली है।