“यह मेरे लिए गर्व का क्षण है”: राहुल त्रिपाठी ने भारतीय टीम में चयनित होने पर जाहिर किया उत्साह
भारत आयरलैंड दौरे पर दो T20I मैच 26 और 28 जून को डबलिन मे खेलेगा।
अद्यतन - Jun 16, 2022 5:14 pm

बीसीसीआई (BCCI) ने 15 जून को आयरलैंड के आगामी दौरे के लिए 17-सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी हैं। आयरलैंड और टीम इंडिया दो मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 26 और 28 जून को डबलिन में आमने-सामने होंगे। राहुल त्रिपाठी को आयरलैंड दौरे के लिए पहली बार भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है।
राहुल त्रिपाठी ने लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम में चुने जाने पर अपनी भावनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा यह उनके लिए गर्व का पल है, और वे आयरलैंड दौरे पर राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने का मौका पाने की उम्मीद कर रहे है। दो मैचों की इस टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए हार्दिक पांड्या भारत के कप्तान होंगे।
राहुल त्रिपाठी ने भारतीय टीम में चयनित होने पर उत्साह जाहिर किया
राहुल त्रिपाठी ने NDTV के हवाले से कहा: “मैं पहली बार भारतीय टीम में शामिल होकर बहुत खुश हूं, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। हर क्रिकेटर का सबसे बड़ा लक्ष्य, और सपना होता है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करे। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। मुझे पता है अब आगे से सभी चीजें अच्छी होगी, और मुझे उम्मीद है कि ऐसे भी दिन आएंगे जब मैं अपने देश के लिए मैच जीतूंगा। यह मेरे लिए गर्व का क्षण है।”
31-वर्षीय बल्लेबाज ने आगे स्वीकार किया कि जब उन्हें दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिएनजरअंदाज किया गया था तब उनकी उम्मीद टूटी जरूर थी, लेकिन अब वह खुश है। राहुल त्रिपाठी ने कहा उन्हें उम्मीद थी कि उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के मौका दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, वह इससे ज्यादा निराश नहीं हुए, क्योंकि उन्हें पता था कि अगर वह लगातार प्रदर्शन करना जारी रखेंगे, तो उन्हें एक न एक टीम में चुना जाएगा और अब वह भारत के लिए डेब्यू करने से एक कदम दूर है।
महाराष्ट्र के बल्लेबाज ने अंत में कहा: “मैंने हमेशा आने वाले मैच के बारे में सोचता हूं, चाहे फिर आईपीएल हो या घरेलू क्रिकेट, मैं केवल वर्तमान पर ध्यान देता हूं, और सुनिश्चित करता हूं कि मैं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाऊं। मुझे अपने देश के लिए मैच जीतना है। यह मेरे लिए बहुत अच्छा अवसर है, और मैं इसका पूरा आनंद लेना चाहता हूं।”