लाइट, कैमरा और एक्शन की दुनिया में साथ नजर आए माही के साथ गेल
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल बहुत जल्द एक एड में एक साथ नजर आएंगे।
अद्यतन - फरवरी 5, 2023 12:54 अपराह्न

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल बहुत जल्द एक एड में एक साथ नजर आएंगे। इन दोनों ने मुंबई में इस एड की शूटिंग की। दोनों को दुनिया के विस्फोटक बल्लेबाजों में गिना जाता है।
जहां एक तरफ महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय टीम को ना ही सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से बल्कि अपनी विकेटकीपिंग से भी कई मुकाबलों में जीत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर क्रिस गेल की विस्फोटक बल्लेबाजी पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।
ये वीडियो भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के एक फैन ने अपने पेज में पोस्ट की है। इसमें देखा जा सकता है कि दोनों बल्लेबाज एक एड के लिए एक साथ शूटिंग कर रहे हैं और साथ में काफी मजे भी कर रहे हैं।
ये रही महेंद्र सिंह धोनी और क्रिस गेल के एड की शूटिंग की वीडियो:
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2007 की ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके अलावा 2011 का वनडे वर्ल्ड कप भी भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीता था। यही नहीं ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2013 भी भारतीय टीम ने एम एस धोनी के नेतृत्व में अपने नाम किया था।
क्रिस गेल की बात की जाए तो उन्होंने वेस्ट इंडीज को 2004 ICC चैंपियंस ट्रॉफी, 2012 ICC टी-20 ट्रॉफी और 2016 ICC टी-20 ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। दोनों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है लेकिन अभी भी इनके फैंस की लिस्ट काफी बड़ी है। ऐसे कई रिकॉर्ड है जो इन दोनों बल्लेबाजों ने अपने नाम किए हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए सहारा पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रन की नाबाद रिकॉर्डतोड़ पारी खेली थी। यही नहीं गेल ने अंतरराष्ट्रीय वनडे प्रारूप में दोहरा शतक भी जड़ा है।
वहीं एमएस धोनी ने सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि विकेटकीपिंग में भी कई रिकॉर्ड बनाए हैं। अब इन दोनों को एक साथ एड में देखने के लिए तमाम फैंस काफ़ी बेताब होंगे। जहां एक तरफ एमएस धोनी को कैप्टन कूल के नाम से भी जाना जाता है वहीं क्रिस गेल का निकनेम ‘यूनिवर्सल बॉस’ है।