IPL 2023: ‘पिछले 2-3 साल से सुन रहा हूं कि..’- धोनी के आखिरी IPL सीजन वाले सवाल पर रोहित का करारा जवाब
आईपीएल 2023 का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच 31 मार्च को खेला जाएगा।
अद्यतन - मार्च 29, 2023 12:47 अपराह्न

आईपीएल का 16वां सीजन 31 मार्च से शुरू हो रहा है। सीजन का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल शुरू होने से पहले चर्चा जोरों पर हैं कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का ये आखिरी सीजन होने वाला है। इसी बीच रोहित शर्मा ने कैप्टन कूल धोनी को अगले कुछ सीजन खेलने के लिए फिट करार दिया है।
वह फिट हैं, वह आगे भी खेलते रहेंगे- रोहित शर्मा
महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल से संन्यास की चर्चा जोरों पर है। लेकिन धोनी के साथी खिलाड़ियों का कहना है कि धोनी अभी कम से कम 3-4 साल तक आईपीएल खेल सकते हैं। इसी बीच मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने भी एमएस धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
धोनी के आखिरी आईपीएल के चर्चाओं के बीच रोहित शर्मा ने अपनी राय देते हुए मुंबई इंडियंस के प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कहा, ‘मुझे नहीं पता कि यह उनका आखिरी सीजन है या नहीं? यह मैं पिछले 2-3 साल से सुन रहा हूं। वह अभी फिट है, अभी खेल रहे हैं और आगे भी खेलते रहेंगे।’
क्या आईपीएल के कुछ मैचों में रेस्ट करेंगे रोहित शर्मा?
इस साल ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारत में आयोजित किया जाएगा। ऐसी खबरें आ रही है कि वर्ल्ड कप के वर्कलोड को मैनेज करने के लिए भारतीय खिलाड़ी आईपीएल के कुछ गेम में रेस्ट कर सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसका जवाब मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर को देने के लिए कहा।
मार्क बाउचर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस पर जवाब देते हुए कहा, ‘रोहित को आराम देने की बात करें तो वह कप्तान है। उम्मीद है वह खुद को अच्छे फॉर्म में रखेंगे। और वह आराम नहीं करना चाहेंगे। लेकिन हां जो भी स्थिति रहेगी हम उसके लिए तैयार रहेंगे।’
मार्क बाउचर ने आगे कहा, ‘अगर मैं एक कप्तान के तौर पर एक खिलाड़ी के तौर पर उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा सकूं तो यह बहुत अच्छा होगा। और अगर इसका मतलब है कि वह एक या दो मैचों में आराम करने जा रहे हैं तो मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं है।’