धोनी-धोनी... धोनी-धोनी... की आवाज से गूंज उठा ऑकलैंड, दंग कर गई धोनी की लोकप्रियता - क्रिकट्रैकर हिंदी

धोनी-धोनी… धोनी-धोनी… की आवाज से गूंज उठा ऑकलैंड, दंग कर गई धोनी की लोकप्रियता

MS Dhoni
MS Dhoni (Photo by Anesh Debiky /Gallo Images/Getty Images)

दिन- 8 फरवरी। स्थान- ऑकलैंड। टीमें- भारत और न्यूजीलैंड। सीरिज- टी20 का दूसरा मैच। बाद में खेलते हुए 13.4 ओवर में भारत ने तीसरा विकेट 118 रन पर गंवा दिया। जीत 41 रन दूर थी। बल्लेबाजी करने के लिए उतरे महेंद्र सिंह धोनी। धोनी को देख अचानक पूरे मैदान में बिजली कौंध गई। धोनी-धोनी… धोनी-धोनी के नाम से स्टेडियम गूंज उठा। समझ ही नहीं आया कि मैच ऑकलैंड में हो रहा है या कोलकाता में। मैदान में मौजूद सारे भारतीयों की जुबां पर धोनी का ही नाम था। न्यूजीलैंड के दर्शक भी धोनी के स्वागत में ताली बजा रहे थे। धोनी की लोकप्रियता से वे भी दंग थे।

टीवी पर मैच देखने वाले दर्शक धोनी के शानदार स्वागत वाला लम्हा देखने से चूक गए थे क्योंकि ब्रेक हो गया था। विज्ञापनों के बाद रिकॉर्डिंग दिखाई गई कि किस तरह से इस भारत के जांबाज खिलाड़ी का स्वागत हुआ। बात सिर्फ ऑकलैंड की नहीं है। लंदन का लॉर्ड्स हो, सिडनी का एससीजी हो या मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम। धोनी के लिए यह नजारा दुनिया के हर कोने में नजर आता है। टीम वाले हो या विरोधी टीम वाले, धोनी का स्वागत ऐसे ही होता है। दर्शक भूल जाते हैं कि धोनी उनके खिलाफ खेल रहे हैं। पक्ष-विपक्ष की लाइन को धोनी मिटा देते हैं।

आईपीएल में आपको कई ऐसे लम्हें याद होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से वे कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेल रहे हों या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बंगलुरु में, धोनी का स्वागत जबरदस्त तरीके से होता है। दर्शकों दिल से सम्मान निकलता है, हाथ ताली बजाने लगते हैं, मुंह से प्रशंसा निकलती है, गर्व से सीना चौड़ा हो जाता है इस महान खिलाड़ी को मैदान में जाते हुए देख। उसके चौके-छक्के को देख। उसकी हर अदा को देख। बताइए, ऐसा सम्मान भला और किस खिलाड़ी को मिलता है। विदेशी कमेंटेटर ऐसा यादगार लम्हा देख दांतों तले उंगली दबा लेते हैं।

लोकप्रियता के मामले में धोनी का कद अपने समकालीन खिलाड़ियों से बहुत ऊंचा है। वे लोगों के दिलों में बसते हैं। अपने खेल और स्वभाव के कारण उन्होंने यह स्थान बनाया है। वाकई में दूसरा धोनी मिलना बहुत मुश्किल है। माही की लोकप्रियता को सलाम।

close whatsapp