एमएस धोनी ने SRH के खिलाफ मैच में हासिल की खास उपलब्धि, दिग्गजों की लिस्ट में हुए शामिल
अपने 400वें टी20 मैच में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए एमएस धोनी
अद्यतन - Apr 26, 2025 9:42 am

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मुकाबले के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। धोनी के लिए यह 400वां टी20 मुकाबला था और वह इस उपलब्धि हासिल करने वाले 25वें खिलाड़ी हैं। उनसे पहले अब तक 24 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने करियर में 400 या इससे अधिक टी20 मुकाबले खेले हैं।
सीएसके और हैदराबाद के बीच शुक्रवार को आईपीएल 2025 का मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पर खेला गया जिसमें सनराइजर्स ने जीत दर्ज की। सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल का 18वां सत्र कुछ खास नहीं रहा है। सीएसके की टीम 7 हार के बाद अंक तालिका में क्रमश: नौवें और 10वें पायदान पर हैं। यहां से दोनों टीमों के लिए एक भी हार आगे के लिए दरवाजे बंद कर सकती है।
400 टी20 खेलने वाले चौथे भारतीय
धोनी 400 टी20 मुकाबला खेलने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले रोहित शर्मा, दिनेश कार्तिक और विराट कोहली इस प्रारूप में 400 मैच खेलने की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। सबसे ज्यादा टी20 मुकाबले खेलने वाले भारतीय का रिकॉर्ड रोहित के नाम है जिन्होंने अबतक 456 टी20 मैच खेले हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर कार्तिक हैं जिन्होंने 412 मैच और तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं जिन्होंने 407 मैच खेले हैं। अब इस लिस्ट में धोनी का भी नाम जुड़ गया है।
अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं धोनी
धोनी ने कुछ साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। आईपीएल नियम के अनुसार पांच साल या इससे अधिक समय पहले संन्यास ले चुके खिलाड़ी को अनकैप्ड प्लेयर माना जाता है इसलिए सीएसके ने आईपीएल 2025 के लिए मेगा नीलामी से पहले धोनी को अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर रिटेन किया था। धोनी ने हाल ही में संकेत दिए थे कि उनमें कुछ वर्ष और खेलने की क्षमता शेष है।
चोटिल ऋतुराज गायकवाड़ की जगह एमएस धोनी कर रहे हैं कप्तानी
आईपीएल 2025 में सीएसके की अगुआई कर रहे गायकवाड़ को इस सीजन की शुरुआत में गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीएसके के मैच के दौरान दाहिने हाथ में चोट लग गई थी। बाद में स्कैन में कोहनी में फ्रैक्चर का पता चला, जिससे उनका अभियान खत्म हो गया. धोनी ने रिकॉर्ड 239 मैचों में CSK की अगुआई की है, जिसमें फ्रैंचाइजी की सभी पांच खिताबी जीत शामिल हैं। उन्होंने 2022 में कुछ समय के लिए यह भूमिका छोड़ दी थी और रवींद्र जडेजा को कप्तानी सौंप दी थी, लेकिन खराब नतीजों के कारण धोनी ने सीजन के बीच में ही फिर से कमान संभाल ली।