‘कोण आला रे?’- IPL 2023 से पहले मुंबई इंडियंस ने किया जोफ्रा आर्चर का भव्य स्वागत
आज यानी 26 मार्च को मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में एक तस्वीर साझा की है जिसमें देखा जा सकता है कि जोफ्रा आर्चर टीम की जर्सी पहने हुए हैं।
अद्यतन - Mar 26, 2023 4:35 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से हो रही है। तमाम लोग इस शानदार टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बेहतरीन टूर्नामेंट से पहले मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने इंग्लैंड के घातक तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का अपनी टीम में जोरदार स्वागत किया।
आज यानी 26 मार्च को मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में एक तस्वीर साझा की है जिसमें देखा जा सकता है कि जोफ्रा आर्चर टीम की जर्सी पहने हुए हैं। वो इस तस्वीर में अपनी पीठ दिखा रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, ‘कोण आला रे।’ इसका मतलब है ‘कौन आया है।’ इस तस्वीर को देख तमाम मुंबई इंडियंस फैंस भी काफी उत्साहित हो गए हैं। जोफ्रा के टीम के साथी टिम डेविड ने इस तस्वीर में कमेंट किया, ‘Jof Time।’
आगामी सत्र के लिए पूरी तरह से तैयार हैं जोफ्रा आर्चर
बता दें, चोटिल होने की वजह से जोफ्रा आर्चर पिछले सत्र में नहीं खेल पाए थे। हालांकि अब आगामी सत्र में वो बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखेंगे। मुंबई इंडियंस भी यही चाहेगी कि आगामी सत्र की ट्रॉफी को वो अपने नाम करें।
जोफ्रा आर्चर को लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी अपना पक्ष रखा। उनके मुताबिक इंग्लिश तेज गेंदबाज मुंबई इंडियंस के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स को बताया कि, ‘जोफ्रा आर्चर टीम के ट्रंप कार्ड जरूर होंगे। मुझे लगता है कि जोफ्रा के वहां रहने से ही टीम को काफी मजबूती मिलेगी। वो विकेट भी चटका सकते हैं और अंतिम ओवर में काफी घातक गेंदबाजी भी कर सकते हैं। उनके खिलाफ रन बनाना इतना आसान नहीं है।’
मुंबई इंडियंस ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग की ट्रॉफी को 5 बार अपने नाम किया है। IPL 2023 का टीम अपना पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 2 अप्रैल को बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। टीम की कप्तानी एक बार फिर से रोहित शर्मा करते हुए नजर आएंगे।