रिपोर्ट्स: टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे पर फील्डिंग कोच की भूमिका में होंगे मुनीष बाली
न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 नंवबर से शुरु होगी लिमिटेड ओवर्स सीरीज।
अद्यतन - Nov 13, 2022 12:35 pm

टी-20 विश्व कप 2022 में हिस्सा लेने के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 मैचों के लिमिटेड ओवर की सीरीज खेलनी है। और इस सीरीज में टीम इंडिया के फील्डिंग कोच मुनीष बाली होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे के लिए हेड कोच राहुल द्रविड़ को आराम दिया गया है। इस दौरे पर एनसीए हेड वीवीएस लक्ष्मण टीम इंडिया के मुख्य कोच की भूमिका में होंगे और मुनीष बाली लक्ष्मण के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा हैं।
मुनीष के अलावा ये भी करेंगे लक्ष्मण की मदद
टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे पर मुनीष बाली फील्डिंग कोच की भूमिका में होंगे तो वहीं पूर्व भारतीय मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज ऋषिकेश कानिटकर बल्लेबाजी कोच की भूमिका में रहेंगे। वहीं पूर्व लेग स्पिनर साईराज बहुतुले गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे। ये तीनों मुख्य कोच इस सीरीज में वीवीएस लक्ष्मण के निर्देशन में कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि मुनीष बाली, जब इस साल जून में टीम इंडिया दो मैचों की टी-20 सीरीज के लिए आयरलैंड दौरे पर गई थी, वह कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। इसके अलावा साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज और इस साल के शुरुआत में टीम इंडिया के इंग्लैंड दौरे पर भी वह कोचिंग स्टाफ के साथ थे।
18 नवंबर से शुरु होगी लिमिटेड ओवर की सीरीज
बता दें, टीम इंडिया को 18 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस दौरे पर टीम इंडिया के मुख्य कोच की भूमिका में वीवीएस लक्ष्मण होंगे। तो वहीं टीम इंडिया की कमान हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है।
इस टीम में युवा पेसर उमरान मलिक भारतीय टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। इसके अलावा सीनियर खिलाड़ी रवि अश्विन, मोहम्मद शमी और दिनेश कार्तिक को शामिल नहीं किया गया है।