परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी ना होने की वजह से, मेरी मां नहीं चाहती थी कि मैं क्रिकेटर बनूं: जसप्रीत बुमराह - क्रिकट्रैकर हिंदी

परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी ना होने की वजह से, मेरी मां नहीं चाहती थी कि मैं क्रिकेटर बनूं: जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह ने अपने संघर्ष के बारे में बताया और साथ ही यह भी बताया कि कैसे उनका बचपन काफी मुश्किलों से गुजरा है।

Jasprit Bumrah (Image Source: BCCI)
Jasprit Bumrah (Image Source: BCCI)

पिछले कुछ समय से ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा है कि वो अभी तक पूरी तरीके से इस टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए है।

इसी बीच, जसप्रीत बुमराह जिन्होंने कड़ी मेहनत कर अपने आप को आज इस मुकाम पर पहुंचाया है उन्होंने अपने संघर्ष के बारे में बताया और साथ ही यह भी बताया कि कैसे उनका बचपन काफी मुश्किलों से गुजरा है।

उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां परिवार में इकलौती कमाने वाली सदस्य थी और वो चाहती थी कि जसप्रीत एक अच्छी नौकरी पाने के लिए अंग्रेजी भाषा में सर्वश्रेष्ठ हो जाए। बता दें, भारतीय तेज गेंदबाज जब बहुत छोटे थे तब उनके पिता का देहांत हो गया था और उनकी मां दलजीत ने उनको और उनकी बड़ी बहन का बचपन से ही खूब ख्याल रखा।

साथ ही तेज गेंदबाज ने यह भी बताया कि उनकी मां जो प्राथमिक विद्यालय में प्रिंसिपल के रूप में काम करती थी उन्होंने कभी भी क्रिकेट को प्राथमिकता नहीं दी क्योंकि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी और उनकी मां का मानना था कि क्रिकेट खेलने से बुमराह ज्यादा कमा नहीं पाएंगे।

मुझे पता था कि मुझे आगे क्या करना है: जसप्रीत बुमराह

GQ के साथ हुए इंटरव्यू में जसप्रीत बुमराह ने कहा कि, ‘मुझे पता था कि मुझे आगे क्या करना है। मेरे परिवार वालों ने कभी भी क्रिकेट को ज्यादा प्राथमिकता नहीं दी क्योंकि हम लोगों की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और मेरी मां को लगता था कि क्रिकेट को अपना भविष्य बनाना सही नहीं है लेकिन मेरे लिए क्रिकेट सबसे पहले था।’

भारतीय तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि, ‘ मेरी मां ने मेरे पास आकर कभी इस बारे में बात नहीं की लेकिन वो नहीं चाहती थी कि मैं इस फील्ड में आगे जाऊं। लेकिन हां उन्होंने मुझे कभी किसी चीज के लिए भी जोर जबरदस्ती नहीं की, उन्होंने कभी मुझसे यह नहीं कहा कि तुम्हें डॉक्टर या इंजीनियर बनना चाहिए।’

आज जसप्रीत बुमराह दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक है। ऐसे कई बल्लेबाज हैं जो यही दुआ करते हैं कि उन्हें जसप्रीत बुमराह के सामने खेलने को ना मिले। भारतीय तेज गेंदबाज की यॉर्कर को खेलना नामुमकिन है। अगर बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलते हैं तो यह भारतीय टीम के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।

close whatsapp