मैं टी-20 और वनडे में एक ही मानसिकता के साथ बल्लेबाजी करता हूं- सूर्यकुमार यादव
भारत के लिए लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव ने किया है कमाल का प्रदर्शन।
अद्यतन - Jul 17, 2022 3:21 pm

भारत के स्टाइलिश बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पिछले 18 महीनों से लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भारत के लिए कई मैच विनिंग पारियां खेली है। उन्होंने हाल ही में तीसरे T20I में इंग्लैंड के खिलाफ शतक जमाया था, लेकिन फिर भी उस मैच में वो टीम को जीत नहीं दिला पाए।
सूर्या ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच में 29 गेंदों पर 27 रन बनाए, लेकिन यहां वो बड़ी पारी नहीं खेल सके और अंत में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इस बीच T20I और वनडे में अपने खेल के बारे में बोलते हुए, सूर्या ने कहा कि वह हर फॉर्मेट में अपना स्वाभाविक खेल खेलना पसंद करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने वनडे मैचों में स्ट्राइक रोटेट करने के महत्व के बारे में बात की।
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्य कुमार यादव ने कह कि, “मेरी मानसिकता एकदिवसीय मैचों में एक जैसी रहती है, मैं उसी तरह बल्लेबाजी करने की कोशिश करता हूं जैसे मैं टी-20 में करता हूं। नैचुरल खेल खेलना महत्वपूर्ण है और वनडे क्रिकेट में एक फायदा यह है कि पांच फील्डर घेरे के अंदर होते हैं इसलिए इरादा हमेशा रन बनाने का होता है। भले ही विकेट गिर रहे हों, मैं स्कोरबोर्ड को बढ़ाने की कोशिश करता हूं।
सूर्या ने भारत के लिए तीसरा टी-20 मैच नहीं जीत पाने पर जताया अफसोस
सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम T20I में शतकीय पारी खेलने के बाद काफी तारीफ मिली। उस मैच में बड़े स्कोर का पीछा करने के बावजूद उन्होंने घरेलू टीम के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि वह अपना पहला T20I शतक बनाकर बेहद खुश हैं, लेकिन इस बात से दुखी हैं कि वह भारत को मैच में जीत नहीं दिला सके।
उन्होंने आगे कहा कि, “यह एक अच्छी प्रेरणा है, जाहिर है मैं खुश था और टीम को जीत दिलाने का अवसर था। यह अच्छा लगता है कि लोग मुझसे उम्मीद करते हैं। मुझे वहीं से इस बात की प्रेरणा मिलती है कि मैं टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करूं और मैच जीतूं।