पाकिस्तान में अपनी सुरक्षा को छोड़, नाथन लियोन सीरीज जीतने का सपना देख रहे हैं
चार मार्च से खेली जाएगी पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहली सीरीज।
अद्यतन - Mar 2, 2022 7:20 pm

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने पाकिस्तान के खिलाफ शुक्रवार 4 मार्च से खेले जाने वाले तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि वो इस टेस्ट सीरीज को 3-0 से जीतना चाहते हैं और इस वक्त उनका ध्यान सिर्फ उसी पर है। लियोन ने यह भी कहा है कि उनकी टीम का कोई खिलाड़ी मैच का परिणाम ड्रॉ नहीं चाहता है और किसी भी हालत में मैच जीतना चाहते हैं।
हालांकि, लियोन इस बात पर भी जोर दिया कि परिस्थितियों को देखते हुए जब वो घरेलू टीम के खिलाफ उतरेंगे तो यह ऑस्ट्रेलिया के लिए एक चुनौती हो सकती है। 34 वर्षीय लियोन का मानना है कि उनके पास एक अच्छी टीम है जो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल कर सकती है। टीम में अपनी भूमिका के बारे में आगे बात करते हुए, ऑफ स्पिनर ने बताया कि वह अपनी टीम की आवश्यकता के आधार पर गेंदबाजी करेंगे।
पाकिस्तान सीरीज को लेकर नाथन लियोन ने कही बड़ी बात
इंडिया टुडे से बात करते हुए नाथन लियोन ने कहा कि, “मेरी मानसिकता हर मैच में जीतने की होती है,ड्रॉ या हार की नहीं। मेरी मानसिकता पाकिस्तान में 3-0 से जीत हासिल करने की है। सभी टेस्ट मैचों में मेरी भूमिका बदलने वाली है। ऐसे समय होंगे जब मैं एक अलग भूमिका में रहूंगा, जहां मेरे लिए और अधिक आक्रामक होने का मौका होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि,”पाकिस्तान को पिछले कई वर्षों में यहां बहुत अधिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अवसर नहीं मिला है। तो इस वजह से यहां खेलने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई टीम का सदस्य बनकर काफी गर्व महसूस हो रहा है।”
ऑस्ट्रेलिया का पाकिस्तान दौरा ऐतिहासिक है क्योंकि टीम 1998 में अपने आखिरी दौरे के बाद पहली बार उस देश में जाएगी। विशेष रूप से, 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम पर हुए आतंकवादी हमले की वजह से कोई भी टीम वहां नहीं खेलना चाहती है। इस ऐतिहासिक दौरे का पहला टेस्ट मैच 4 मार्च से खेला जाएगा।