ऑस्ट्रेलियाई टीम के इस गेंदबाज ने अपने सबसे यादगार विकेट के तौर पर विराट कोहली को आउट करना बताया
2017 में भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर स्टीफन ओ कीफ ने 12 विकेट चटकाए थे।
अद्यतन - Feb 28, 2022 10:29 pm

साल 2017 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत का दौरा किया था जिसमें कंगारू टीम ने भारतीय टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेली थी। हालांकि कंगारू टीम इस सीरीज को अपने नाम करने में कामयाब नहीं हो पायी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने पुणे में आयोजित पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम को 333 रनों से करारी शिकस्त दी थी। उस दौरान ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज स्टीव ओ कीफ ने भारतीय टीम के बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। उन्होंने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 6-6 विकेट चटकाए थे।
ऑस्ट्रेलिया के इस स्पिन गेंदबाज की खतरनाक गेंदबाजी ने भारतीय टीम की कमर तोड़ कर रख दी थी। 37 वर्षीय स्टीव ओ कीफ ने उस दिन को याद करते हुए अपना सबसे यादगार विकेट भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का बताया।
स्टीव ने बताया कि विराट कोहली उस मुकाबले के दौरान क्रीज से बाहर निकल कर बल्लेबाजी कर रहे थे। उस समय उन्होंने कोहली को चकमा देते हुए उनका विकेट झटकने में कामयाबी हासिल की थी
“अगर विराट इस गेंद को नहीं खेलते तो शायद आउट नहीं होते”- स्टीव ओ कीफ
स्टीव ओ कीफ ने सेन 1170 में बातचीत करते हुए अपने दिए बयान में कहा कि “मेरा सबसे यादगार विकेट विराट कोहली का था। मैंने उन्हें पूरी तरह से चकमा दिया था। भारतीय बल्लेबाज क्रीज से बाहर निकलकर बल्लबाजी कर रहे थे, इसी का मैंने फायदा उठाया और उन्हें एक गुगली गेंद फेंकी जिसे वह बिल्कुल भी नहीं समझ सके और एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। अगर कोहली इस गेंद को नहीं खेलते तो शायद वह आउट नहीं होते।”
पुणे में खेले गए उस पहले टेस्ट मैच में स्टीव ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में कुल 12 विकेट चटकाए थे। उस मुकाबले के दौरान भारतीय टीम को 441 का पीछा करना था जिसके लिए भारतीय टीम को लम्बे समय तक क्रीज पर खड़े रहने वाले खिलाड़ी की जरुरत थी। सभी की नजरें रन मशीन विराट कोहली पर थीं लेकिन कोहली इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके और 13 रन बनाकर आउट हो गए अंत में ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले को 333 रनों से जीत लिया।