भारत को नाथन लियोन से डरने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है क्योंकि उनके ऊपर खुद काफी दबाव होगा: दिनेश कार्तिक
9 फरवरी से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा।
अद्यतन - फरवरी 7, 2023 11:44 पूर्वाह्न

भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि नाथन लियोन के ऊपर आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में काफी दबाव होगा क्योंकि दिग्गज स्पिनर ये बात जानते हैं कि वो ऑस्ट्रेलिया के की गेंदबाज हैं।
बता दें, नाथन लियोन ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 115 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 31.66 के औसत से 460 विकेट झटके हैं। आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी वो बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखेंगे और अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए पूरा जोर लगा देंगे। भारतीय पिचों में स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है और लियोन इसका भरपूर फायदा उठाना चाहेंगे।
भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर को लेकर कहा कि, ‘ऑस्ट्रेलिया के पास लियोन के रूप में वर्ल्ड क्लास स्पिनर है। नाथन लियोन के ऊपर भी काफी दबाव होगा क्योंकि वो ये बात जानते हैं कि वो अपनी टीम के की गेंदबाज हैं। उनको ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभानी है। अगर लियोन का एक भी सेशन खराब जाता है तो मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के हाथों से काफी दूर चला जाएगा और वो ऐसा बिल्कुल भी नहीं करना चाहेंगे।
जब भी ऑस्ट्रेलिया के ऊपर दबाव होगा लियोन को अपनी टीम के लिए अच्छी गेंदबाजी करनी होगी: दिनेश कार्तिक
दिनेश कार्तिक ने यह भी कहा कि जब इन दोनों टीमों के बीच 2017 में सीरीज खेली गई थी तब श्रेयस अय्यर ने नाथन लियोन के ऊपर कड़ा प्रहार किया था। दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ‘CCI में जब इन दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी तब श्रेयस अय्यर ने लियोन के ऊपर कड़ा कहार किया था। उन्होंने लियोन की किसी भी गेंद को नहीं बख्शा और मैदान के हर कोने में उन्हें रन जड़े। जब भी ऑस्ट्रेलिया के ऊपर दबाव होगा लियोन को अच्छी गेंदबाजी करनी होगी।
उनके पास जितना भी अनुभव है उसे आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में दिखाना होगा। भले ही भारत ऑफ स्पिन को इतना अच्छा नहीं खेल पा रहा है लेकिन यह सभी मुकाबले उन्हीं के घर में हो रहे हैं और हमें पूरा भरोसा है कि मेजबान टीम स्पिन को काफी अच्छी तरह से खेलेगी।’