गावस्कर के बयान पर भारतीय गेंदबाजी कोच ने रखा अपना पक्ष, शमी को तीसरे टेस्ट में आराम देने के पीछे का बताया मुख्य कारण
मोहम्मद शमी ने पहले दो टेस्ट मुकाबलों में कुल 7 विकेट झटके थे।
अद्यतन - Mar 10, 2023 3:45 pm

इस समय खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में भारत ने शुरुआती दो टेस्ट मुकाबलों में जीत दर्ज की थी और इस बेहतरीन टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई थी। हालांकि तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने जबरदस्त वापसी की और भारत को इंदौर में 9 विकेट से हराया। इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आराम दिया गया था जो पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर को बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगा।
बता दें, मोहम्मद शमी ने पहले दो टेस्ट मुकाबलों में कुल 7 विकेट झटके थे। तीसरे टेस्ट में भी तमाम लोग यही उम्मीद लगा रहे थे कि मोहम्मद शमी अपनी बेहतरीन गेंदबाज़ी को जारी रखेंगे और भारत को यह मैच जिताएंगे लेकिन इस मुकाबले में उनकी जगह उमेश यादव को प्लेइंग XI में शामिल किया गया। यादव ने पहली पारी में तो 3 विकेट झटके लेकिन दूसरी पारी में वो अच्छी गेंदबाजी करने में नाकाम रहे।
इसी को लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने चौथे टेस्ट के दौरान कहा कि, ‘मोहम्मद शमी को आराम देना सही फैसला नहीं था। दूसरे और तीसरे टेस्ट के बीच 8 दिन का लंबा ब्रेक मिला था। उन्होंने चौथे टेस्ट में नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के ऊपर भारतीय गेंदबाज दबाव नहीं डाल पाए। बल्लेबाजों के ऊपर पहली गेंद से ही दबाव डालना चाहिए ताकि वो जल्द से जल्द अपना विकेट गंवा बैठे। भारत ने शमी को आराम देखकर सही नहीं किया।’
हम सिराज और उमेश यादव को भी मौका देना चाह रहे थे: पारस म्हाम्ब्रे
पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय गेंदबाज़ी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने इस बात का खुलासा किया कि आखिर क्यों मोहम्मद शमी को तीसरे टेस्ट में आराम दिया गया। उनके मुताबिक अगर टीम एक खिलाड़ी को आराम दे रही है तो बाकी खिलाड़ियों को भी खेलने का मौका मिल रहा है।
पारस म्हाम्ब्रे ने कहा कि, ‘आपको ऐसे फैसले लेने जरूरी होते हैं क्योंकि आप खुद यह नहीं चाहते कि एक गेंदबाज के ऊपर काफी दबाव आ जाए। मुझे लगता है जिस तरीके से हम शमी को देखते हैं हमें उन्हें आराम देना चाहिए था और सिराज या उमेश जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिलना चाहिए था। इस सीरीज के बाद हमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी खेलना है और इसी वजह से गेंदबाजों को रोटेट करना भी बेहद जरूरी है। इससे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को आराम भी मिलेगा।’