न्यू साउथ वेल्स ने शेफील्ड शील्ड सीजन में खराब प्रदर्शन के बाद कर्टिस पैटरसन को कप्तानी के पद से हटाया
शेफील्ड शील्ड क्रिकेट में एक भी मैच टीम को नहीं जिता पाए हैं कर्टिस पैटरसन
अद्यतन - मई 8, 2023 6:33 अपराह्न

न्यू साउथ वेल्स ने हाल में ही खत्म हुई शेफील्ड शील्ड क्रिकेट में खराब प्रदर्शन के बाद टीम के कप्तान कर्टिस पैटरसन को कप्तानी के पद से हटा दिया है। गौरतलब है कि पिछले दो सीजन में कर्टिस ने टीम की कमान संभाली थी, लेकिन 2022-23 सीजन में वह टीम को एक भी मैच नहीं जिता पाए। इसके साथ ही उन्हें सीजन के आखिरी मैच से भी ड्राॅप कर दिया गया था।
गौरतलब है कि उन्होंने शेफील्ड शील्ड क्रिकेट में न्यू साउथ वेल्स की 10 मैचों में कप्तानी की थी, जिसमें से टीम पांच मैच ड्राॅ करा पाई और इतने ही मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। साथ ही बता दें कि यह 1938-39 के बाद पहली बार है जब न्यू साउथ वेल्स शेफील्ड शील्ड क्रिकेट के एक सीजन के किसी भी मैच में एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है।
तो वहीं न्यू साउथ वेल्स ने बीच सीजन में ही टीम के हेड कोच को बदलते हुए फिल जैक की जगह ग्रेग शिपर्ड को टीम का नया कोच नियुक्त किया था। हालांकि, शिपर्ड की नियुक्ति के बाद भी टीम के प्रदर्शन में कोई सुधार नहीं हुआ। तो वहीं कर्टिस पैटरसन ने टीम की कप्तानी को छोड़ते वक्त कहा था कि वह अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहते हैं, इसलिए वह कप्तानी छोड़ रहे हैं।
ग्रेग शिपर्ड ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि न्यू साउथ वेल्स की कप्तानी छोड़ने पर कर्टिस पैटरसन को लेकर टीम के हेड कोच ग्रेग शिपर्ड ने बड़ा बयान दिया है। शिपर्ड ने ईएसपीएन क्रिकइंफो पर बातचीत करते हुए कहा- कर्टिस के लिए इस सीजन का काफी निराशाजनक अंत था।
मेरी उनसे आज बातचीत हुई है। हमने उसके खेल के कुछ एरिया को पहचाना है और उसे पर सोचा है। कप्तानी गंवाने के बाद वह बल्लेबाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान देने की ओर देखेगा।