वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी लिमिटेड ओवर्स सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने किया अपनी टीम का ऐलान
न्यूजीलैंड की टीम को आगामी वेस्टइंडीज के दौरे पर 3 टी-20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Jul 25, 2022 12:48 pm

न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी लिमिटेड ओवर्स दौरे को लेकर अपनी टीम का ऐलान 24 जुलाई को कर दिया। जिसमें कप्तान केन विलियमसन का नाम भी शामिल है। इसके अलावा कीवी टीम के कई प्रमुख खिलाड़ियों की वापसी भी देखने को मिली जो पिछली कुछ सीरीज से लगातार साथ में खेलते हुए नहीं दिख रहे थे, जिसमें टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट का नाम भी शामिल है।
साल 2014 के बाद से न्यूजीलैंड की टीम ने एक भी द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए वेस्टइंडीज का दौरा नहीं किया है। वहीं केन विलियमसन, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट और डीवोन कॉन्वे ने आखिरी बार एक साथ इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान खेला था। जिसमें इन सभी खिलाड़ियों की टीम में वापसी पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप और उसके बाद भारत के दौरे पर खेली गई लिमिटेड ओवर्स सीरीज के बाद में देखने को मिली थी।
इस आगामी लिमिटेड ओवर्स दौरे के लिए कीवी टीम के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने अपने दिए बयान में कहा कि, यह सीरीज हमारे लिए काफी अहम साबित होने वाली है, जिसमें हमें 2 बार टी-20 वर्ल्ड कप को अपने नाम करने वाली टीम के खिलाफ सीरीज खेलने का मौका मिलेगा। हम लगातार अपने खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए टीम का चयन कर रहे हैं।
नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखकर काफी खुशी हुई
हाल में ही कीवी टीम ने आयरलैंड के दौरे पर 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेली थी। जिसमें टीम के कई प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। ऐसे में नए और युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का अहम मौका भी था। जिसमें माइक ब्रेसवेल जिनकी गिनती एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर की जाती है, उन्होंने भी अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।
वेस्टइंडीज दौरे के लिए न्यूजीलैंड की वनडे और टी-20 टीम:
केन विलियमसन (कप्तान), फिन एलन, ट्रेंट बोल्ट, माइकल ब्रेसवेल, डीवोन कॉन्वे, लॉकी फर्ग्युसन, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लेथम, डेरिल मिचेल, जिम्मी नीशम, ग्लेन फिलिप्स, मिचल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी।